चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठकें आज से
पाली. आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा की ओर से गुरुवार को मंडल स्तरीय बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिले के विभिन्न मंडलों की बैठक लेकर प्रभारी आवश्यक दिशा निर्देश देंगे। पार्टी के मीडिया प्रभारी चंपालाल सिसोदिया और रितेश छाजेड़ ने बताया कि इस क्रम में गुरुवार को रोहट मंडल, मारवाड़ जंक्शन, रायपुर, सुमेरपुर, बाली शहर आदि मंडल में पार्टी पदाधिकारी बैठक लेकर सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसी तरह पाली शहर मंडल की बैठक शुक्रवार को होगी। शहर अध्यक्ष रामकिशोर साबू ने बताया कि यह बैठक दोपहर 3 बजे रामलीला मैदान स्थित पार्टी कार्यालय में होगी। इसमें विधायक ज्ञानचंद पारख पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव के लिए कार्य योजना को तैयार करने के निर्देश देंगे।