- Hindi News
- राजीव गांधी सेवा केंद्रों का रात में किया आकस्मिक निरीक्षण
राजीव गांधी सेवा केंद्रों का रात में किया आकस्मिक निरीक्षण
बाली. बाली पंचायत समिति के अधीनस्थ विभिन्न ग्राम पंचायतों में निर्मित राजीव गांधी सेवा केंद्रों का बुधवार रात्रि में विकास अधिकारी विक्रमसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में दो दलों का गठन कर आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान 19 राजीव गांधी सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया,जिसमें से मात्र छह सेवा केंद्रों पर ही सुरक्षा प्रहरी मिले। गैरहाजिर सुरक्षाकर्मियों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा गया है। जानकारी के अनुसार प्रथम दल के अंतर्गत स्वयं विकास अधिकारी राजपुरोहित ने बारवा, मिरगेश्वर, सेवाड़ी, पादरला, बीजापुर, सैणा, पेरवा, बिसलपुर व बोया सहित ग्राम पंचायतों पर निर्मित राजीव गांधी सेवा केंद्रों का निरीक्षण करने पर बिसलपुर, सेवाड़ी एवं पेरवा में ही सुरक्षाकर्मी मिले। इसी प्रकार दूसरे दल के प्रभारी लेखाकार मोहन सिंघल के नेतृत्व में ग्राम पंचायत लुणावा, लाटाड़ा, शिवतलाव, मुंडारा, भीटवाड़ा, मोकमपुरा सहित फालना गांव में स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्रों का निरीक्षण करने पर भीटवाड़ा, मोकमपुरा एवं फालना गांव में ही सुरक्षा प्रहरी उपस्थित मिले। शेष सेवा केंद्रों पर ताला लगा हुआ था।