- Hindi News
- आईसीआईसीआई बैंक से नकली गोल्ड रखकर ऋण लेने के मामले की जांच शुरू
आईसीआईसीआई बैंक से नकली गोल्ड रखकर ऋण लेने के मामले की जांच शुरू
भास्कर न्यूज - सोजत रोड((पाली))
आईसीआईसीआई बैंक से नकली सोना रखकर ऋण लेने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को जांच शुरू कर दी है। बैंक प्रबंधन की तरफ से 12 जनों के खिलाफ दर्ज कराए गए मामले की जांच के लिए गुरुवार को सोजत डीएसपी राजेश माथुर सोजत रोड पहुंचे तथा दिनभर बैंक में ही मौजूद रखकर घटना से जुड़े आवश्यक तथ्य जुटाए। साथ ही उन्होंने बैंक से कई दस्तावेज भी मांगे है।
जानकारी के अनुसार आईसीआईसीआई बैंक की पाली शाखा में नकली सोना रखकर ऋण लेने का प्रयास करने का मामला पकड़ में आने के बाद कोतवाली पुलिस में गिरफ्तार किए गए आरोपी भैराराम भील ने सोजत क्षेत्र की इसी बैंक शाखाओं से कई बार ऋण लेने की स्वीकारोक्ति की थी। इसके बाद बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया तथा उच्च प्रबंधन ने उनके पास रखे गए सोने की जांच कराने के आदेश दिए थे। बताया जाता है कि सोजत रोड शाखा में गिरवी रखे गए सोने की जांच कराई गई तो पता चला कि इस शाखा में रखा गया काफी सोना जांच के दौरान नकली निकला है। शेष - पेज १५
इसके बाद बुधवार को आईसीआईसीआई बैंक सोजत रोड शाखा के जोनल मैनेजर ((फाइनेंशियल क्राइम)) परविंद्र शाह ने नकली गोल्ड पर 1 करोड़ 26 लाख 5 हजार 173 रुपए का ऋण लेने का मामला दर्ज कराया। जोनल मैनेजर ने भटिंडा ((जोधपुर)) निवासी पारसमल जैन को मुख्य आरोपी बताते हुए मुकदमे में आरोप लगाया कि जैन ने अन्य सहयोगियों की मदद से करीब सवा करोड़ रुपए से अधिक गोल्ड लोन लिया। पुलिस ने बैंक प्रबंधन की रिपोर्ट पर यह मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच सोजत डीएसपी राजेश माथुर को सौंपी गई है। माथुर दोपहर में सोजत रोड बैंक में पहुंचे तथा इस मामले में अनुसंधान से जुड़े कई तथ्यों पर बैंक के कर्मचारियों से सघनता से जानकारी ली। उन्होंने बैंक अधिकारी से लोन डॉक्यूमेंट, स्टेटमेंट व खातों की पूरी जानकारी भी मांगी। साथ ही बैंक के प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी से पूछताछ कर उनके बयान भी कलमबद्ध किए हैं। पुलिस ने बैंक से लोन से संबंधित सारी पत्रावली की फोटो कॉपी मांगी हैं। बैंक अधिकारियों का कहना है कि पत्रावली के कागजातों की संख्या हजारों में होने के कारण बैंक द्वारा सारे कागजात एक-दो दिन में उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
अन्य गोल्ड लोन धारकों को सताने लगी चिंता
आईसीआईसीआई बैंक से गोल्ड गिरवी रखकर लोन लेने वाले अन्य लोगों को भी अब चिंता सताने लगी है। गुरूवार को बैंक से गोल्ड लोन लेने वाला एक ग्राहक बैंक में उसका गिरवी रखा सोना सही सलामत है या नहीं इसकी जानकारी लेने पहुंचा, लेकिन बैंक के किसी कर्मचारी ने उसकी बात को सुना तक नहीं। कस्बे के कैलाश तिवारी ने बताया कि उसने बैंक से मई माह में गोल्ड गिरवी रखकर लोन लिया था। बैंक में गिरवी रखा असली सोना नकली होने का मामला सुर्खियों में आने के बाद से उसे भी अपने गिरवी रखे सोने को लेकर चिंता हो रही है। उसने बैंक कर्मचारियों से अपने गिरवी रखे सोने की जांच पड़ताल करनी चाही, लेकिन उसकी बात को किसी ने तवज्जो नहीं दी, जिससे वह चिंतित हैं।
लोन से संबंधित पत्रावली मांगी है
मामला काफी गंभीर है। पुलिस ने इस मामले की गहनता से पड़ताल शुरू कर दी है। दिनभर बैंक में रूककर अधिकारियों व कर्मचारियों से इस मामले में जानकारी ली है। साथ ही उनके बयान भी लिए गए। लोन से संबंधित डॉक्यूमेंट, स्टेटमेंट व खातों की कापियां मांगी गई है, जो बैंक द्वारा एक-दो दिन में उपलब्ध करवाई जाएगी। -राजेश माथुर, डीएसपी, सोजत।