समस्याओं का हो शीघ्र समाधान
भास्कर न्यूज - मदनगंज-किशनगढ़.
उपखंड अधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को जन अभियोग व सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। उपखंड अधिकारी प्रभातीलाल जाट ने मौजूद विभागो के अधिकारियों को आम आदमी की समस्याओं को सुनकर शीघ्र समाधान कराने का निर्देश दिया। एसडीएम जाट ने कहा कि आप लोगों से आमजन द्वारा यदि सूचना के अधिकार के तहत कोई सूचना मांगी जाती है तो इस पर विशेष ध्यान देकर इसका निपटारा करें। इसे किसी भी सूरत में पेङ्क्षडग वर्क में न रखें। एसडीएम जाट ने आवश्यक दिशा निर्देश मौजूदा अधिकारियों को दिए।
बैठक सुबह ११ बजे शुरू की गई और दोपहर एक बजे समाप्त कर दी गई। बैठक में तहसीलदार मदन सिंह हाड़ा, अधिशाषी अभियंता एवीवीएनएल, पीएचईडी, आयुक्त नगर परिषद, विकास अधिकारी सिलोरा, अरांई, उपमुख्य चिकित्साधीकारी, उप जिला शिक्षा अधिकारी, महिला व बाल विकास अधिकारी, सहायक अभिंयता सार्वजनिक निर्माण विभाग तथा सिचाई विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक से जनप्रतिनिधियों ने अपनी दूरी बनाए रखी जबकि इस बैठक के लिए प्रधान सिलोरा व अरांई को भी आमंत्रित किया गया था।
मात्र चार समस्याएं
जन अभियोग व सतर्कता समिति बैठक के दौरान चार लोग समस्या लेकर आए। चारो समस्याएं खाद्य सुरक्षा योजना से संबंधित थी। समस्या लेकर आए लोगों की समस्या का समाधान मौजूद अधिकारियों ने हाथोहाथ कर दिया। इस दौरान स्कूल मैदान पर अतिक्रमण को लेकर बरना के ग्रामीण आए। इस पर हाथोहाथ कार्रवाई की गई और अतिक्रमण हटाने के लिए २८ जनवरी निर्धारित की गई।