केबल कटने से बीएसएनएल सेवाएं ठप
मदनगंज-किशनगढ़. अजमेर रोड स्थित गेगल टोल नाके के पास शुक्रवार शाम निजी कंपनी द्वारा केबल डालने के लिए खोदे गए गड्ढों के कारण बीएसएनएल की ओएफसी लाइन कटने से किशनगढ़ उपखंड की बीएसएनएल सेवाएं ठप हो गईं। बीएसएनएल की मोबाइल, बॉडबैंड व लैंडलाइन सेवाएं बंद हो गई। सरकारी विभागों में बीएसएनएल के फोन होने के कारण आपातकालीन सेवाओं में भी व्यवधान पड़ा। रातभर सेवाएं बंद रहने के बाद शनिवार सुबह दूसरे रूट की लाइन शुरू कर सेवाओं को दुरुस्त किया गया।
जानकारी के अनुसार अजमेर रोड स्थित गेगल टोल के पास एक निजी कंपनी द्वारा गड्ढा खोदकर केबिल डाले जाने का कार्य चल रहा है। शुक्रवार शाम ६ बजे के आसपास गड्ढा खोदे जाने के कारण बीसएसएनएल की ओएफसी केबल कट गई। जिससे पूरे किशनगढ़ उपखंड व आसपास के क्षेत्रों में बीएसएनएल की सेवाएं बंद हो गई। बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड, इंटरनेट, लैंडलाईन फोन व मोबाइल से जुड़ी सेवाएं बंद हो गई। मोबाइल पर फोन करने पर पहुंच से बाहर बता रहे थे।
आपात सेवाएं प्रभावित
बीएसएनएल की ओएफसी लाइन कटने के बाद आपातकालीन सेवाएं प्रभावित हो गई। पुलिस थानों में बीएसएनएल के फोन होने के बाद थानों पर संपर्क नहीं हो पाया। पुलिसकर्मियों के पास बीएसएनएल की सिम होने के कारण मोबाइल भी कवरेज क्षेत्र से बाहर बताने लगे। इस कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बार-बार संपर्क करने का प्रयास किया जाता रहा पर संपर्क नहीं हो पा रहा था। थानों के लैंडलाइन फोन पर सूचना देने के लिए फोन लगाए गए पर संपर्क नहीं हो पाया। अधिकारी खुद दूसरे नेटवर्क के फोन के जरिये सूचनाओं का आदान प्रदान कर रहे थे। इसी तरह यज्ञनारायण अस्पताल का भी यही हाल रहा। अस्पताल में लैंडलाइन फोन एक साल से खराब पड़ा है। जबकि अंदर स्थित दूसरे लैंडलाइन फोन भी ठप्प हो गए। डॉक्टरों व नर्सिंग कर्मियों के फोन भी बंद हो गए। ऐसे में आपातकालीन केस की सूचना देने में परेशानी उठानी पड़ी। अग्निशमन विभाग का लैंडलाइन फोन भी ठप हो गया। अन्य सरकारी विभागों की भी यही हालत रही।
इंटरनेट सेवाएं हुई फेल
बीएसएनएल की ओएफसी केबिल कटने के बाद उपखंड व आसपास की ब्रॉडबैंड, जीपीआरएस, टू जी आदि इंटरनेट की सभी तरह की सर्विस बंद हो गई। शाम के समय साइबर कैफे, ई-मित्र कियोस्क पर भी बीएसएनएल का कनेक्शन होने के कारण इंटरनेट बंद हो गया। जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। साइबर कैफे व कम्प्यूटर सेंटरों पर भीड़ नजर आई पर वहां भी बीएसएनएल की सर्विस बंद मिली। इसके अलावा रेलवे व बस की ई-बुकिंग की सेवाएं भी प्रभावित हो गई। बाद में दूसरी कंपनियों के नेटवर्क का उपयोग कर इंटरनेट का उपयोग किया गया। इस कारण लोगों के कामकाज प्रभावित हुए और काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दुरुस्त का कार्य जारी
बीएसएनएल की गेगल टोल के पास ओएफसी कटने के बाद शुक्रवार शाम से रातभर सेवाएं ठप रही। लगातार उपभोक्ताओं ने सैंकड़ों शिकायतें शिकायत नंबरों पर दर्ज कराई। शनिवार सुबह ११ बजे तक लाइनें बंद रहने के बाद दूसरे रूट की लाइन शुरू कर इंटरनेट, मोबाइल व लैंडलाइन सुविधा शुरू की गई। कटी हुई लाइन को दुरूस्त करने का काम शुरू कर दिया गया।
॥गेगल टोल नाके के पास किसी कंपनी की खुदाई के दौरान ओएफसी केबिल कट जाने से लाइन बंद हो गई। दूसरे रूट से लाइन शुरू कर दी गई है। दुरूस्त करने का काम जारी है।
एसके रावत, प्रभारी, बीएसएनएल किशनगढ़