नाबालिग से दुष्कर्म आरोपी की तलाश
मदनगंज-किशनगढ़. गांधीनगर थाने में एक पिता ने कांग्रेस की पूर्व पार्षद के पुत्र के खिलाफ अपनी नाबालिग पुत्री को बहला फुसलाकर भगा ले जाने व दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। नाबालिग का पुलिस ने मेडिकल मुआयना कराया है।
गांधीनगर थाने में बृजविहार कॉलोनी निवासी एक पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री २३ जनवरी की सुबह ८ बजे घर से साबुन लेने के लिए पास वाली दुकान पर गई थी। इसी दौरान उसी मोहल्ले की रहने वाली कांग्रेस की पूर्व पार्षद मीनू कंवर का पुत्र विजय उर्फ खन्ना पुत्र अर्जुन रावणा राजपूत बहलाफुसलाकर पुत्री को अपने साथ ले गया। आरोपी विजय नाबालिग को भीलवाड़ा ले गया। वहां उसके साथ होटल में दुष्कर्म किया। पिता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने पुत्री को कुछ सुंघा दिया।
पिता अपनी पुत्री को साथ लेकर थाने में रिपोर्ट देने पहुंचा। पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी विजय के खिलाफ नाबालिग को बहला फुसलाकर भगा ले जाने व दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने नाबालिग का शनिवार शाम को यज्ञनारायण अस्पताल में मेडिकल मुआयना कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।