- Hindi News
- बरना सरपंच व ग्रामीणों पर कानूनी कार्रवाई
बरना सरपंच व ग्रामीणों पर कानूनी कार्रवाई
मदनगंज-किशनगढ़. बरना में स्कूल के खेल मैदान पर अतिक्रमण के विरोध में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पर ताला जडऩे के मामले में पुलिस ने शनिवार को संस्था प्रधान की रिपोर्ट पर सरपंच गोविंदसिंह डोबर व ग्रामीणों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को सरपंच के नेत्तृत्व में ग्रामीणों ने स्कूल पर ताला जड़ दिया था तथा एसडीएम को ज्ञापन दिया था। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरना के प्रधानाध्यापक ने शहर थाने में शनिवार को डाक से रिपोर्ट भेजकर आरोप लगाया कि सरपंच गोविंद सिंह डोबर व ग्रामीणों ने जबरन स्कूल में घुसकर प्रधानाध्यापक व अध्यापकों को स्कूल से बाहर निकाला। स्कूल की छुट्टी कर स्कूल के मुख्य द्वार पर जबरन ताला जड़ दिया। पुलिस ने प्रधानाध्यापक की रिपोर्ट पर सरपंच गोविंद सिंह डोबर व अन्य ग्रामवासियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने, अशांति उत्पन्न करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मालूम हो कि बरना स्कूल के खेल मैदान की १४ बीघा भूमि पर अतिक्रमण किया हुआ है। अतिक्रमण को लेकर सरपंच गोविंद सिंह डोबर व ग्रामवासी लगातार विरोध कर रहे हैं।