- Hindi News
- प्रेक्टिकल परीक्षा में अच्छे नंबर देने के एवज में एक्सटर्नल ने लिए रुपए
प्रेक्टिकल परीक्षा में अच्छे नंबर देने के एवज में एक्सटर्नल ने लिए रुपए
कोटा - एसीबी की टीम ने ब्यावर के सरकारी स्कूल के प्रिंसीपल को 12 कक्षा के प्रेक्टिकल परीक्षा में परीक्षार्थियों को अच्छे नंबर देने की एवज में रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनके पास से 64 हजार 500 रुपए भी बरामद हुए हैं। एसीबी को यह राशि अलग-अलग जगह से मिली है। इनके पास से एक 25 हजार और स्कूल की पर्ची और दूसरे लिफाफे में 30 हजार रुपए और दूसरे स्कूल के सभी विद्यार्थियों की सूची मिली है। एएसपी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि सूचना मिली कि ब्यावर राजकीय पटेल उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रिंसीपल रामदेव चौधरी इटावा में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से 12 कक्षा के फिजिक्स की प्रेक्टिकल परीक्षा लेने गए थे, वहां से मोटी रकम लेकर आ रहे हैं। इस पर टीम ने बोरखेड़ा थाने के पास नाकाबंदी कर उन्हें रोका। वे इटावा के स्वामी विवेकानंद शिक्षा निकेतन के मालिक मोहन पारेता की कार में सवार थे। उनके पास सूटकेस था। उनकी तलाशी ली तो पेंट की जेब में 9500 रुपए, सूटकेस में दो लिफाफे एक में 25 हजार और माधव बाल विद्या निकेतन की पर्ची थी। दूसरे लिफाफे में 30 हजार रुपए और स्वामी विवेकानंद शिक्षा निकेतन के 38 विद्यार्थियों की सूची थी। इसके अलावा परीक्षा कॉपी, एक कागज जिसमें 6 लोगों के बैंक अकाउंट नंबर थे। एसीबी ने उनसे पूछताछ की तो वे संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। प्राथमिक जांच में यह पाया कि यह राशि निजी विद्यालय के संचालकों ने विद्यार्थियों के परीक्षा में अच्छे नंबर देने के एवज में दिए गए हैं। इसके बाद चौधरी को पद का दुरुपयोग करने व रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है। इसकी सूचना अजमेर एसीबी को कर दी गई है।