‘वाहन चलाते समय बरतें सावधानी’
भास्कर न्यूज - बूंदी
जिले में चल रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह का बुधवार को समारोहपूर्वक समापन हो गया। जिला मुख्यालय पर रेडक्रॉस भवन में हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एएसपी राजन दुष्यंत ने कहा कि वाहन चालक को वाहन चलाते समय सावधानी बरतनी चाहिए। साथ ही सही साइड पर वाहन चलाएं।
विशिष्ट अतिथि डीएसपी राज्यवर्धनसिंह ने यातायात नियमों की जानकारी दी। अध्यक्षता करते हुए रोडवेज मुख्य प्रबंधक लल्लूराम मीणा ने भी सुरक्षित वाहन संचालन पर जोर दिया। संयोजक व जिला परिवहन अधिकारी महावीर पंचोली ने सप्ताह में आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी। परिवहन निरीक्षक रजनीश विद्यार्थी ने प्रतिवेदन पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम प्रभारी अशोक शर्मा जादूगर ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह में सहयोग करने वाली संस्थाओं, व्यक्तियों, स्कूल, कॉलेज के छात्र-छात्राओं, एनसीसी, स्काउट, गाइड को अतिथियों ने प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
तालेड़ा. सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत यातायात पुलिस ने निजी स्कूलों में चल रही बाल वाहिनी वाहनों के संचालन में सावधानी बरतने पर जोर दिया। जिला प्रशासन के निर्देश पर यातायात पुलिस प्रभारी गौरीशंकर मीणा ने शिशु वाटिका परिसर में स्कूली बच्चों की कार्यशाला का आयोजन कर बच्चों को बाल वाहिनी के बारे में समझाया। मीणा ने स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर रखने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बार सचिव कुलदीप दुबे ने मोटरयान व दुर्घटना कानून की जानकारी देते हुए बच्चों को आत्मघाती दुस्साहस कर नाबालिग उम्र में वाहन चलाने के दुष्परिणाम बताए। कार्यशाला के दौरान शिशु वाटिका छात्रा परिषद की अध्यक्ष प्रिया चौधरी ने पुलिस प्रशासन से तालेड़ा कस्बे में हो रहे अतिक्रमण हटाने की मांग की। छात्रों के अनुसार कस्बे में आस-पास के गांव के सैकड़ों बच्चे वाहनों से पढऩे आते हैं। छात्र-छात्राओं ने जिला प्रशासन से कस्बे के मुख्य बाजार को अतिक्रमण से मुक्त कराने का आग्रह किया है। समारोह के दौरान जिला परिवहन विभाग के निर्देश पर प्रतियोगिता आयोजित कर विजेता रहे सोहनसिंह, नवदीपसिंह, सतीश गौतम, प्रिया चौधरी व आलीशा को पुरस्कृत किया गया। समारोह का संचालन विद्यालय प्रभारी संजय शर्मा ने किया।
दी सड़क सुरक्षा की गहन जानकारी
केशवरायपाटन. डीएसपी उमा शर्मा ने कहा कि जीवन केवल स्वयं के लिए ही नहीं होता है परिवार, समाज व राष्ट्र के लिए भी अमूल्य है। इसलिए इसे सुरक्षित रखना चाहिए। यह बात इंडियन पब्लिक एज्यूकेशनल सोसायटी द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रम में कही। डीएसपी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि दुर्घटना के तीन कारण मुख्य माने जाते हैं नशा, तेज गति व वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग इन पर विशेष ध्यान दे लिया जाए तो दुर्घटनाओं पर काफी अंकुश लग सकता है। कार्यक्रम के दौरान पोस्टर, निबंध व स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रथम स्थान रौनक चित्तौड़ा, दिशा महावर, वर्षा मालव, द्वितीय स्थान मुस्कान बानो, कुलदीप शर्मा व आंकाक्षा जैन ने प्राप्त किया। विजेताओं को डीएसपी व संस्था निदेशक शिवशंकर शर्मा ने पुरस्कार दिए।
25 चालान बनाए
केशवरायपाटन. सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने को लेकर २५ वाहनों के चालान बनाए गए। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले छह चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर पांच वाहन भी जब्त किए गए। यह जानकारी एएसआई संग्रामसिंह ने दी।