पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई : कलेक्टर

लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई : कलेक्टर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बूंदी - ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की चालू वित्तीय वर्ष में गत दिसंबर तक अर्जित उपलब्धियों की समीक्षा बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर आनंदी ने की। इसमें महात्मा गांधी नरेगा स्कीम, विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, इंदिरा आवास योजना एवं इंदिरा आवास एवं मुख्यमंत्री बीपीएल आवास योजना तथा अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि विकास योजनाओं तथा कार्यक्रमों की क्रियान्विति में कोताही बरतने, निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप उपलब्धियां अर्जित नहीं करने तथा कार्यों को समय पर पूरा कराने में रुचि नहीं लेने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि वह स्वयं ग्रामीण क्षेत्र के दौरों पर गांव में नरेगा कार्यों का औचक निरीक्षण करेगी। किसी भी गांव में ग्रामवासियों को मजदूरी नहीं मिलने की शिकायतें मिलने पर सीधे विकास अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस एकीकृत व्यवस्था के तहत पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक जन समस्याओं की सुनवाई एवं समाधान की प्रभावी कार्रवाई होगी। बैठक में सीईओ ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए। राजीव गांधी सेवा केन्द्रों में सुनवाई का अधिकार अधिनियम के तहत प्रतिदिन 10 से 12 बजे तक जनअभाव अभियोग संबंधी प्रकरणों को प्राप्त करने की व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।
चौपाल में जन सुनवाई करेंगी कलेक्टर
रात्रि चौपालों में कलेक्टर जनसमस्याओं की सुनवाई करेगी। यदि किसी स्थान पर उन्हें शिकायतें मिली तो संबंधित रोजगार सहायक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिन पंचायतों में परिसंपत्ति की पंजिकाएं संधारित नहीं की जा रही है, उन्हें तैयार करवाया जाए।
वेबसाइट पर अपलोड हो रही हंै स्वीकृतियां
विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना एवं सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत जारी की जाने वाली स्वीकृतियों को अब वेबसाइट पर भी अपलोड किया जा रहा है। सभी कार्यकारी एजेंसियां व विकास अधिकारी इन दोनों योजनाओं के तहत स्वीकृत कार्यों की जानकारी नेट से भी ले सकते हैं। कलेक्टर ने कहा कि इंदिरा आवास योजनांतर्गत स्वीकृत राशि का उपयोग नहीं करने वाले लाभार्थियों के खिलाफ रोडा एक्ट में कार्रवाई की जाए।