जर्जर सड़क मार्ग होने से राहगीर परेशान
इटावा - क्षेत्र में तीन दिन से हो रही बारिश के चलते क्षेत्र की सड़कें जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। वहीं कई जगह सड़क निर्माण का कार्य धीमी गति से चलने व विभाग के पास अब तक मरम्मत के लिए पर्याप्त बजट नहीं आने से लोगों को सड़कों से गुजरने में परेशानी हो रही है। क्षेत्र में कोटा-श्योपुर राजमार्ग, खातौली रोड, कोटा रोड, गेंता रोड, नोनेरा, रामपुरिया, नीमसरा, ककरावदा क्षेत्र की सड़कें जगह-जगह से उखड़ चुकी हैं तथा इनमें बेशुमार गड्ढे हो रहे हैं। आएदिन कोई न कोई वाहन चालक इन मार्गों पर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। वहीं ककरावदा रोड, बोरदा मार्ग पर भी विशालकाय गड्ढे हो रहे हैं, जिससे 6 गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ककरावदा सरपंच रामनारायणी आर्य ने बताया कि सड़क की हालत इतनी बदहाल है कि यहां वाहनों के पलटने का भय बना हुआ है। इसी तरह नीमसरा व ढीपरी चंबल क्षेत्र की सड़कों की हालत भी बदहाल बनी हुई है। वही इटावा कस्बे के मुख्य बाजार में भी कीचड़ फैलने से लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। इस बारे में विभाग के एक्सईएन जेपी गुप्ता ने बताया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए तखमीना बनाकर उच्चाधिकारियों को भिजवा दिया गया है। बजट स्वीकृत होकर आते ही सड़कों की मरम्मत करवा दी जाएगी।
क्चक्चक्च