पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बैठक में दिए प्रतिनियुक्ति निरस्त करने के निर्देश

बैठक में दिए प्रतिनियुक्ति निरस्त करने के निर्देश

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज. अटरू

पंचायत समिति की साधारण सभा की बैठक प्रधान गिरिराज धाकड़ की अध्यक्षता में हुई। इसमें पंचायतीराज से जुड़े पांचों विभागों के अधिकारियों ने समस्याएं बताई। ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. जेपी यादव ने बताया कि सकतपुर स्वास्थ्य केंद्र की डॉक्टर मांगरोल में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत है। वहीं मोठपुर में कार्यरत एएनएम कोटा में प्रतिनियुक्ति पर लगी हुई है। प्रधान ने इनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त करने के लिए कहा है। आशा सहयोगिनियों के रिक्त पदों पर 26 जनवरी के बाद ग्राम पंचायत स्तर पर चयन किया जाएगा। कार्यवाहक बीईईओ रामचरण मेहरा ने बताया कि 16 शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर लगे हुए है। प्रधान ने इनकी प्रतिनियुक्ति निरस्त करने के निर्देश दिए है। शिक्षकों के आदेश नहीं मानने पर वेतन काटने के लिए भी कहा गया। वहीं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के 12 छात्रावासों में से सिर्फ चार में ही वार्डन नियुक्त है। शेष आठ छात्रावासों में वार्डन लगाने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। कृषि विभाग के प्रतिनिधि ने बताया कि पाइप लाइनों पर अनुदान की 532 फाइलें सहायक निदेशक कृषि कार्यालय बारां में लंबित हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग से भी पोषाहार एवं रिक्त पदों की जानकारी ली गई। इस दौरान नए आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में तहसीलदार जगमोहन शर्मा, सीडीपीओ मोहिनी पाठक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अमन चौधरी, सहायक कृषि अधिकारी सत्यपाल मीणा, शशिकला गौतम, लक्ष्मीनारायण नागर, अशोक मीणा, ओमप्रकाश सहरिया, कांतिबाई मीणा, कौशल्याबाई नागर, रेखा मेघवाल, किरण भाटी आदि उपस्थित थे।