- Hindi News
- पल्स ब्रीडर के नाम से जाना जाता है संधु को
पल्स ब्रीडर के नाम से जाना जाता है संधु को
भास्कर न्यूज - बूंदी
पीजी कॉलेज में अंतर विषयक शोध अभिवृद्धि के उद्देश्य से सेंटर फॉर एक्सीलेंस के तहत शुक्रवार को सेमीनार हुई।
भारत सरकार के कृषि आयुक्त जेएस संधु ने कृषि विकास और रोजगार के विविध आयाम व चुनौतियां विषय पर कहा कि आज खेती में अनुसंधान और विकास के पर्याप्त अवसर हैं। खेती में रोजगार सृजन की अपार संभावना हैं। आज देश में दलहन और तिलहन उत्पादन में और ज्यादा विकास की जरूरत है। वैज्ञानिक इसमें लगे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों के सवालों का जवाब दिया। आशुतोष बिरला ने धान उगाने की कम पानी वाली विधियों के प्रति जागृति का आग्रह किया। डॉ. ललित भारतीय ने उच्च वैज्ञानिक उपलब्धियों और अनपढ़ किसानों के बीच की खाई को पाटने की क्रिया में कॉलेज के युवा विकास केंद्र व एनएसएस का सहयोग लेने का अनुरोध किया। डॉ. दिलीपकुमार राठौड़ ने जैविक खाद नीलहरित शैवाल की उपयोगिता व किसानों को जानकारी दी। उद्घाटन सत्र के समापन पर वरिष्ठ संकाय सदस्य बीएस आकोदिया ने आभार जताया। इससे पहले प्राचार्य स्निग्धा द्विवेदी ने भाषण में कहा कि स्थानीय निवासी होने से संधु की क्षेत्र और कॉलेज के प्रति आत्मीयता है। भारत कृषि प्रधान देश है। यहां की अर्थव्यवस्था कृषि विकास पर निर्भर होने के कारण इस क्षेत्र में अनुसंधान तथा किसानों को आधुनिक तकनीक से परिचित होना जरूरी है।
संधु का परिचय देते हुए सेंटर फॉर एक्सीलेंस के प्रभारी डॉ. एनके जैतवाल ने बताया कि संधु 250 से ज्यादा शोधपत्रों के साथ दालों की प्रजातियों के विकास के लिए विख्यात हैं। उन्हें दलहन क्रांतिकार पल्स ब्रीडर के नाम से भी जाना जाता है।
विद्यार्थियों ने शोधपत्र प्रस्तुत किए
रसायनशास्त्र विभाग के सहायक डॉ. पिलानिया और मंजू चौधरी ने मधुमेह और स्नायु तंत्र पर शोधपत्र प्रस्तुत किया। वनस्पति शास्त्र के शोध छात्र कपिल नावर ने रामगढ़ अभयारण्य में जैव विविधता और पवन गौतम ने देवली तहसील में खरपतवार विषय पर शोधपत्र प्रस्तुत किया। भूगोल विभाग के शोध छात्र तोताराम मीणा, मनोजकुमार सोयल, नाथूलाल खींची, राजेंद्रकुमार वर्मा, हिंदी विभाग के छात्र चैनाराम ने शोध कार्य की प्रगति से सभी को अवगत कराया।
गूगल सर्च पर शोध की साइट्स बताई
व्याख्याता आशुतोष बिरला, सुरेंद्र चंदेल, डॉ. हेमलता कुमावत, डॉ. अर्चना जोशी, डॉ. मणि भारतीय, डॉ. आरसी मीणा ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा प्रदत्त लघु शोध परियोजना के तहत किए जा रहे शोध कार्यों की प्रगति प्रस्तुत करते हुए शोध पत्रों का वाचन किया। डॉ. संजय भल्ला ने गूगल सर्च पर शोध से संबंधित साइट्स तथा खोजने की विविध सरल विधियों की जानकारी दी। डॉ. संदीप यादव ने आभार जताया।