‘सुण ल्यो रे भाया लोकतंत्र की पुकार’
भास्कर न्यूज. बूंदी
जिला निर्वाचन विभाग की ओर से शनिवार को पुराने तहसील कार्यालय भवन में जिलास्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इसमें युवा मतदाताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी आनंदी ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है।
युवा मतदाता आने वाले लोकसभा चुनाव में अपने आसपास के लोगों को अधिकाधिक मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बीएलओ, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को विधानसभा चुनाव में बेहतर कार्य के लिए धन्यवाद दिया।
समारोह में उपजिला निर्वाचन अधिकारी एके गुप्ता ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त वीएस संपत के संदेश का पठन किया। साथ ही युवा मतदाताओं को लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा वोट डालने के लिए जागरूक किया। एडीएम ((सीलिंग)) नरेश मालव ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस का महत्व बताया। कवि कैलाश मयंक ने हाड़ौती भाषा मे स्वरचित गीत ‘सुण ल्यो रे भाया लोकतंत्र की पुकार’ के माध्यम से युवा मतदाताओं में जोश पैदा किया। कला जत्था ने ‘वोट देबा चालां’ लोकगीत के माध्यम से कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। डाइट की छात्रा आकांक्षा ने ‘हम हुए अठारह वर्ष के मतदान हमारा अधिकार’ कविता सुनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जजावर. राष्ट्रीय मतदाता दिवस को लेकर शनिवार को यहां मतदान केंद्र संख्या 74 पर युवा मतदाताओं को मतदान के संबंध में शपथ दिलाई। इस मौके पर बीएलओ कजोड़ कहार ने युवा मतदाताओं को मताधिकार के महत्व की जानकारी दी।
हिंडौली. कस्बे की सीनियर सैकंडरी स्कूल में शनिवार को मतदाता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निर्वाचन अधिकारी अंबालाल मीणा ने मतदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों एवं छात्राओं को मतदान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार सीताराम गोठवाल ने की। इसी तरह देवजी का थाना, विजयगढ़, गोकुलपुरा, बिशनपुरा फतेहगढ़ फालेंडा, नेहड़ी गांव में भी कार्यक्रम हुए।
झालीजी का बराना. पंचायत मुख्यालय के सीनियर सैकंडरी स्कूल में शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में बीएलओ रामचरण प्रतिहार, प्रफुल्लकुमार सिंह, नरेश नागर ने 18 साल पूरे करने वाले छात्र-छात्राओं को मताधिकार का महत्व बताते हुए सम्मान किया। इस दौरान युवा मतदाताओं को पहचान पत्र भी सौंपे गए।
कापरेन. बालोद सैकंडरी स्कूल में शनिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। बीएलओ जयशंकर मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वार्ड पंच जगदीश मीणा ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्षता करते हुए प्रधानाध्यापक लीलाधर मालव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी की सहभागिता अधिक से अधिक होनी चाहिए। कार्यक्रम में वरिष्ठ अध्यापक मदनलाल बैरवा, बाबूलाल मीणा, मोहम्मद सलीम अंसारी, रूपशंकर मीणा, राजेंद्र मीणा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा आदि मौजूद थे।
इंद्रगढ़. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भाग संख्या 82 पर बूथ लेवल अधिकारी कुलदीप गिरी ने नए मतदाताओं का तिलक लगाकर उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने एवं लोगों को जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस दौरान संस्था प्रधान नरेंद्रकुमार गहलोत, व्याख्याता नानकचंद ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
दबलाना. धाबाइयों का नयागांव सैकंडरी स्कूल में नए मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। संस्था प्रधान राजेंद्र लखोटिया, शिक्षक भगवतीप्रसाद नागर, बीएलओ किशनगोपाल टेलर ने मतदाताओं को मतदान का महत्व बताया।
केशवरायपाटन. राष्ट्रीय मतदाता दिवस भवानीपुरा मिडिल स्कूल में मनाया गया। इस मौके पर नए जुड़े मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत किया। संस्था प्रधान रामस्वरूप मेघवाल ने समारोह को संबोधित किया।
सिलोर. राजकीय माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को जागरुकता मतदाता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर नए मतदाताओं को तिलक लगाकर स्वागत किया। सुपरवाइजर जितेंद्र जैन ने युवाओं से कहा कि मतदान के लिए नए नाम जुड़वाने व का आह्वान किया। बीएलओ दुर्गालाल मेघवाल, बीएलओ रामगोपाल वर्मा सहित स्टाफ के कर्मचारी मौजूद रहे।