बरसेगा राष्ट्रीय प्रेम और उल्लास का रंग
भास्कर न्यूज. बारां
शहर समेत जिलेभर में रविवार को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शहर के कृषि उपजमंडी प्रांगण में मुख्य समारोह होगा। इसमें कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रभुलाल सैनी ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य समारोह का खास आकर्षण परेड, स्कूली बच्चों के शारीरिक अभ्यास व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने के लिए इस बार विशेष प्रबंध किए गए हैं। जिलेभर में सरकारी कार्यालय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाएंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। जिला मुख्यालय पर शनिवार को अधिकारियों ने समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। कृषि उपजमंडी परिसर में होने वाले मुख्य समारोह में रविवार सुबह 9 बजे कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रभुलाल सैनी ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। एडीएम बीएल मीणा 9.15 बजे राज्यपाल का संदेश का वाचन करेंगे। सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन साढ़े 9 बजे से किया जाएगा। इसके बाद मुख्य अतिथि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करेंगे। स्कूली छात्र-छात्राएं साढ़े 10 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। अलग-अलग विभाग की झांकियां समारोह का विशेष आकर्षण होंगी। दोपहर साढ़े 12 बजे से स्काउट गाइड संगम और दो बजे से कोटा रोड उच्च माध्यमिक स्कूल के मैदान में खेलकूद के कार्यक्रम भी होंगे। आयोजन स्थल पर सुरक्षाकर्मी भी लगाए गए हैं। रविवार को सुबह 8 बजे सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में ध्वजारोहण होगा। इसके बाद स्कूल स्टाफ व छात्र-छात्राएं रैली के रूप में मुख्य समारोह स्थल तक पहुंचेंगे।
यह होंगे सम्मानित
जिलास्तरीय समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 28 व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर एसएल बोहरा ने बताया कि मुख्य समारोह में सहायक कोषाधिकारी बाबूलाल मीणा, जिला उद्योग केंद्र के कार्यालय सहायक हेमराज मीणा, शिक्षक विमल शर्मा, स्काउटर शकील खान, जमादार परमानंद रजक, प्रधानाध्यापक राजेंद्र शर्मा, एसपी कार्यालय सहायक रमेशचंद मीणा, नगर परिषद जेईएन अमृत चौधरी, जिला परिषद एईएन निर्मल मित्तल, जीवीटी जिला परियोजना समन्वयक शंभूसिंह, लिपिक शक्तिदीप दाधीच, पूनम पाटनी, रामभरोस, सत्यनारायण गौतम, दिनेश साहू, अमन माथोडिय़ा, चंद्रकला यादव, पायल शर्मा, उमेश मालव, हाकिमचंद, नम्रता शिवाजी, रामप्रसाद नागर, विष्णु भगवान गालव, अमरलाल कालबेलिया, जगदीश कालबेलिया, पीयूष विजय, ओम सोनी एवं समाज सेवा के क्षेत्र में राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्मृति सेवा संस्थान को सम्मानित किया जाएगा।