चंबल नदी पर पुलिया बनाने की दरकार
सुमेरगंजमंडी. क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को ज्ञापन भेजकर ढीपरी चंबल नदी पर पुलिया बनाने की मांग की है। ज्ञापन में लिखा है कि क्षेत्र से निकल रहे कोटा-लालसोट मेगा हाईवे से 41 किमी दूर इटावा, बारां, झालावाड़, श्योपुर, ग्वालियर हाईवे निकलता है।
इन दोनों हाईवे के बीच चाणदाखुर्द व ढीपरी गांव के बीच चंबल नदी बहती है। पुलिया के अभाव में मध्यप्रदेश, बारां, श्योपुर एवं ग्वालियर से संपर्क कटा हुआ है। पूर्व में भैरोसिंह शेखावत के मुख्यमंत्री काल में इसकी उपयोगिता को देखते हुए सर्वे भी करवाकर अनुमानित लागत भी आंकी गई थी। चाकन बांध उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा ने भी हवाई सर्वे द्वारा इस पूरे क्षेत्र की स्थिति का अवलोकन किया था तथा जनता की मांग पर फिर से सर्वे करवाया था, लेकिन उसके बाद कुछ नहीं हुआ। यह क्षेत्र पर्यटन, व्यापार सहित धार्मिक महत्व का होने से यह पुलिया बनना आवश्यक है। ऐसे में इस पुलिया की स्वीकृति प्रदान की जाए। ज्ञापन भेजने में भाजयुमो ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष गोवर्धन राठौर, अध्यक्ष रिंकू सोनी, वरिष्ठ कार्यकर्ता बिरधीलाल जांगिड़, पूर्व सरपंच हरिनारायण राठौर, मंडी समिति सदस्य गोविंद अग्रवाल, घनश्याम शर्मा, सुभाष शर्मा, राकेश हांडिया, इकाई अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, पूर्व मंडी समिति सदस्य मुकेश पारीक व मंडी समिति पूर्व चेयरमैन महावीर जैन शामिल हैं।