शांति-सद्भाव बनाए रखने का आह्वान
भास्कर न्यूज. नैनवां
थाने में शनिवार को एसडीएम मानसिंह मीणा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें एसडीएम ने शांति, सद्भाव, सौहार्द बनाने का आह्वान किया। बैठक में सब्जीमंडी, बस स्टैंड पर ठेलों को हटाने, शहर में बढ़ते सुअरों के आतंक के मुद्दे सामने आए। इस पर एसडीएम ने त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएसपी रामकृष्ण मीणा ने कहा कि ऐसा कोई मामला जिससे शांतिभंग होने की आशंका है उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पालिकाध्यक्ष प्रमोद जैन ने नवनिर्मित सब्जीमंडी में विक्रेताओं के नहीं बैठने तथा बस स्टैंड पर आकर बैठने की समस्या रखी। इसके लिए पुलिस इमदाद उपलब्ध कराने की मांग रखी। संयुक्त कर्मचारी महासंघ उपशाखा अध्यक्ष बाबूलाल शर्मा ने बस स्टैंड से ठेले हटाने की मांग की। पूर्व पालिकाध्यक्ष आशिक हुसैन ने शहर में बढ़ते सुअरों के आतंक से हो रही परेशानी के समाधान की मांग उठाई।
डीएसपी ने सब्जीमंडी में होमगार्ड लगाने, पुलिस जाब्ता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। एसडीएम ने बैठक में सहायक सफाई निरीक्षक को बुलाकर सूअर पालकों को शहर से सूअर हटाने के संबंध में सख्त निर्देश दिए तथा इनकी सूची उपलब्ध कराने को कहा। देई पूर्व सरपंच संपत जैन ने देई बस स्टैंड पर यातायात सामान्य बनाए रखने के लिए होमगार्ड की ड्यूटी लगाने की मांग की। एडवोकेट जयसिंह आशावत ने ओवरलोड भूसे से भरे ट्रकों से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था का मामला उठाया। सभी सदस्यों ने सड़कों की दुर्दशा पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।
पालिकाकर्मियों ने हटाए ठेले: बैठक के बाद अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस जाब्ते के साथ पालिकाकर्मी बस स्टैंड पर पहुंचे और वहां लगे चाट, मूंगफली के ठेलों को हटाया। सहायक सफाई निरीक्षक केसरलाल वर्मा ने बताया कि बस स्टैंड पर बैठे सब्जी विक्रेताओं को वापस नई सब्जीमंडी में बिठाया तथा बस स्टैंड पर लगे मूंगफली व चाट के ठेलों को भी हटाया गया।