अतिक्रमण हटाने के लिए मुनादी
फोटो
भास्कर न्यूज. कापरेन
शहर के मुख्य मार्ग व आम रास्तों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर पालिका व पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। शनिवार सुबह सार्वजनिक रूप से शहर में मुनादी कराकर दुकानदारों को अपने सामान नहीं फैलाने, सीमा में रहने की हिदायत दी गई। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि इसकी पालना नहीं की जाती है, तो उनके सामान को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। आम रास्तों पर अतिक्रमण के कारण हालात इस कदर बिगड़े हैं कि दिनभर में कई बार जाम लग जाता है। वाहन चालक तो दूर पैदल राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी आती है। दुकानदारों ने दुकान के काफी आगे तक अपने सामान फैला रखे हैं। ईओ महावीरसिंह सिसोदिया ने बताया कि गणतंत्र दिवस के चलते दुकानदारों की समझाइश कर दी है। सोमवार से सख्ती बरती जाएगी। वहीं थानाधिकारी भगवतीप्रसाद सैनी ने कहा कि सड़क पर खड़े वाहनों के चालान बनाए जाएंगे।
यहां बिगड़े हैं हालात
कोटा-लाखेरी मार्ग पर दोनों ओर सामान फैले रहते हैं। इसके अलावा मुख्य बाजार, बोरदामाल चौराहा, बस स्टैंड, शक्ति चौराहा, गांधी प्याऊ, अस्पताल चौराहा, हाट स्थल, रोटेदा रोड, टैक्सी स्टैंड के समीप भी हालात बिगड़े हुए हैं।