- Hindi News
- कपड़े सुखाते समय करंट लगने से दंपती की मौत
कपड़े सुखाते समय करंट लगने से दंपती की मौत
भास्कर न्यूज - बूंदी
सदर थानाक्षेत्र के भैरूपुरा ओझा गांव में सोमवार दोपहर कपड़ा सुखाते समय लोहे के तार में आए करंट से दंपती की मौत हो गई। पत्नी पांच माह की गर्भवती थी। हादसे से गांव में मातम छा गया। भीमराज दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
सब इंसपेक्टर गजाधर सिंहल ने बताया कि भैरूपुरा ओझा गांव निवासी भीमराज ((२८)) पुत्र हजारीलाल बैरवा के घर के पिछवाड़े कपड़े सुखाने के लिए एक ओर घर की दीवार पर कील के सहारे व दूसरे छोर पर गड़ी मोटी लकड़ी पर लोहे का तार बंधा हुआ है। करीब ११ बजे भीमराज नहाकर गीले कपड़ों को सुखाने के लिए तार पर फैला रहा था कि करंट से वह तार से चिपक गया। चीख सुनकर पास खड़ी पत्नी पूजा ((२५)) बचाने दौड़ी, तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। भीमराज की चीख सुनकर उसकी मां जगनीबाई व पड़ोसी बाबूलाल बैरवा मौके पर पहुंचे। इन्हें पति-पत्नी के करंट की चपेट में आने का आभास हुआ तो लकड़ी से दोनों को तार से छुड़ाया और ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल लाए। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने दोनों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। शाम करीब पांच बजे गमगीन माहौल में दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान भाजपा मानवाधिकार प्रकोष्ठ के शहर सह संयोजक कुंजबिहारी सैन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। भाजयुमो जिला प्रवक्ता योगेंद्र दाधीच ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर भीमराज के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार भीमराज के दो बहनें हैं। दोनंों ही शादीशुदा हैं। कलेक्टर आनंदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।