- Hindi News
- कपड़े सुखाते समय करंट लगने से दंपती की मौत
कपड़े सुखाते समय करंट लगने से दंपती की मौत
बूंदी - सदर थानाक्षेत्र के भैरूपुरा ओझा गांव में सोमवार को बड़ी ही दुखद घटना हुई। जब दोपहर कपड़ा सुखाते समय लोहे के तार में करंट आने से एक दंपती ने दमतोड़ दिया। पत्नी पांच माह की गर्भवती भी थी।
सब इंस्पेक्टर गजाधर सिंहल ने बताया कि भैरूपुरा ओझा गांव निवासी भीमराज ((28)) पुत्र हजारीलाल बैरवा के घर के पीछे दीवार और दूसरे छोर पर गड़ी मोटी लकड़ी के बीच तार बंधा है। करीब 11 बजे भीमराज नहाकर गीले कपड़े तार पर फैला रहा था कि उसमें करंट आ गया और वह चिपक गया। चीख सुनकर पास खड़ी पत्नी पूजा ((25)) बचाने दौड़ी, तो वह भी चपेट में आ गई। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। भीमराज की चीख सुनकर उसकी मां जगनीबाई और पड़ोसी बाबूलाल बैरवा मौके पर पहुंचे। उन्होंने लकड़ी से दोनों को तार से छुड़ाया और ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। शाम करीब पांच बजे दोनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। भाजयुमो जिला प्रवक्ता योगेंद्र दाधीच ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर भीमराज के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। कलेक्टर आनंदी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।