- Hindi News
- टापरी खाली कराने के विवाद में जीजा की कुल्हाड़ी से की हत्या
टापरी खाली कराने के विवाद में जीजा की कुल्हाड़ी से की हत्या
डाबी - राजपुरा पंचायत के गुढ़ा गांव में खदान पर सोमवार रात शराब के नशे में दूर के रिश्ते में लगने वाले साले ने जीजा की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पुलिस ने सूचना के एक घंटे बाद ही राजपुरा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी राज्यवर्धन सिंह ने मौके पर जाकर घटना का निरीक्षण कर पुलिस को निर्देश दिए।
थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि गुढ़ा में लक्ष्मी स्टोन में बेलदारी करने वाला आलमसिंह ((२८)) पुत्र पूनसिंह मामा भील जावंत का खेड़ा थाना उदयगढ़ जिला अलीराजगढ़ का रहने वाला था। रात को शराब के नशे में टापरी खाली कराने के मामले को लेकर विवाद हो गया था। इस पर आरोपी खुमसिंह ने आलम सिंह पर कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आलम सिंह व खुम सिंह साथ में बेलदारी का कार्य करते थे। आरोपी खुमसिंह मृतक आलम सिंह के मामा ससुर का लड़का है। मंगलवार सुबह मृतक की पत्नी रेशम बाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मृतक के दो बच्चे है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।