- Hindi News
- शादी को ७ साल नहीं होने से एसडीएम करेंगे मामले की जांच
शादी को ७ साल नहीं होने से एसडीएम करेंगे मामले की जांच
बूंदी - कापरेन थानाक्षेत्र के हिंगोनिया गांव में मंगलवार रात बृजेश ((25)) पत्नी महेंद्र मीणा ने केरोसिन डालकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता बुधवार सुबह चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया।
थानाधिकारी भगवतीप्रसाद सैनी ने बताया कि देहीखेड़ा थाना क्षेत्र के डडवाड़ा गांव निवासी मोहनलाल की पुत्री बृजेश की शादी तीन साल पहले हिंगोनिया के महेंद्र मीणा से हुई थी। महेंद्र पत्नी और मां के साथ गांव में अलग मकान में रहता है, जबकि उसके तीन भाई और पिता गांव में ही अन्य मकान में रहते हैं। मंगलवार रात बृजेश पति महेंद्र और सास के साथ कमरे में सोई थी। सुबह जब पति उठा, तो बृजेश कमरे में नहीं थी। तलाश किया तो मकान के एक छोर पर स्थित कच्चे घर में उसका जला हुआ शव पड़ा मिला।
थानाधिकारी ने बताया कि महेंद्र और भाइयों के मकान 200 से 300 मीटर की दूरी पर हैं। ऐसे में विवाहिता द्वारा खुद पर केरोसिन डालकर आग लगाने के बाद उसके चिल्लाने की आवाजें किसी ने नहीं सुनी। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के पिता मोहनलाल सहित पीहर पक्ष के अन्य परिजन भी हिंगोनिया पहुंचे। मृतका के पिता ने रिपोर्ट में किसी पर शक जाहिर नहीं किया। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। विवाहिता की शादी को सात साल नहीं होने से उसकी मौत के मामले की जांच एसडीएम करेंगे।