सरपंच पर अनियमितता का आरोप
भास्कर न्यूज. अटरू
पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खेड़लीगंज के लोगों ने सरपंच पर अनियमितता का आरोप लगाया है। ग्रामीण धर्मराज गुर्जर, गोबरीलाल सहरिया, महावीर, श्यामसुंदर, कंवरलाल, प्रदीप,विद्याशंकर आदि ने बताया कि गांव में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण छत लेवल तक हुआ था कि पहली बारिश में ही केंद्र क्षतिग्रस्त हो गया।
इसको लेकर ग्रामीणों ने बीडीओ सहित उच्चाधिकारियों को अवगत कराया था। साथ ही पंचायत क्षेत्र के गोविंदपुरा के ग्रामीणों ने बताया कि यहां भी आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत हुआ था, जिसके लिए निर्माण सामग्री भी डलवा दी गई थी। इसके बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
गांव में मुख्य मार्गों पर पानी भरा रहने से गंदगी फैली हुई है। इससे बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। वहीं ग्राम पंचायत सचिव राधाकिशन गुर्जर ने बताया कि रतनपुरा आगंनबाड़ी केंद्र क्षतिग्रस्त हो गया था।
गोविंदपुरा आंगनबाड़ी केंद्र के बारें में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। चार्ज लेते समय पूर्व सचिव रमेशचंद माली ने उन्हें गोविंदपुरा आंगनबाड़ी केंद्र में सरपंच की ओर से एक लाख २९ हजार रुपए निकालने की जानकारी दी थी। इसके बावजूद कार्य नहीं हो पाए है।