- Hindi News
- देशभक्ति गीत, संगीत के साथ लहराया तिरंगा
देशभक्ति गीत, संगीत के साथ लहराया तिरंगा
रावतभाटा। रावतभाटा के हर स्कूल में तिरंगे की शान में बच्चों का जोश बेमिसाल था। देशभक्ति के गीत संगीत से पूरे शहर का माहौल सराबोर था। परमाणु बिजलीघर कालोनी का समारोह हो या मानव मंदिर का समारोह सभी मे बच्चों ने अपनी प्रतिभाओं की प्रस्तुति से हर किसी का मन मोह लिया। हमारी आजादी के लिए बलिदान होने वाले वीर सपूतों के बारे मे एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी गई। वीर सपूतो को श्रद्धा से याद किया गया। गणतंत्र के तिरंगे को श्रद्धा से नमन और तहेदिल से सलाम किया गया। शहर में गणतंत्र दिवस पर कई कार्यक्रम हुए।
मानव मंदिर परिसर में हुए राजकीय उपखंड स्तरीय मुख्य समारोह में एसडीएम राजूलाल गुर्जर ने ध्वजारोहण कर कहा कि शहीदों की बदौलत हम आजाद हुए जिस पर हमें फख्र है। इस मौके पर उन्होंने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने उपखंड क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने पर 39 प्रतिभाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में एएसपी बीएस काला, प्रिंसिपल डॉक्टर गिरिश शर्मा, सुनील साल्वी, एसके शर्मा, सीआई मनोज सामरिया, अनुराग भटनागर, समरथमल जैन,दिलीप निहलानी, सुरेंद्र यादव, राजस्थान परमाणु बिजलीघर चिकित्सालय के डॉक्टर मनोजकुमार सहित गणमान्य लोग मौजूद थे।
एईसीएस क्रमांक 2 में राजस्थान परमाणु बिजलीघर, भारी पानी संयंत्र के मुख्य समारोह में राजस्थान परमाणु बिजलीघर के साइट डायरेक्टर सतीशकुमार शर्मा ने ध्वजारोहण किया। भारत ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचनाओं सहित जीवन के सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन हमें बहुत कुछ अभी करना बाकी है। देशवासियों के जीवनस्तर को विकसित देशों के बराबर लाने के लिए प्रतिव्यक्ति बिजली की उपलब्धता को बढ़ाना होगा। इसके लिए नए विद्युत केंद्रों की स्थापना करनी होगी। ऊर्जा के सभी स्रोतों का दोहन करना होगा। इसमें परमाणु ऊर्जा की महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी। दीर्घकालीन ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति एवं आत्मनिर्भरता के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सर्वोत्तम विकल्प है। 7वीं8वीं इकाई का कार्य प्रगति पर है। सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत विकास के क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए जा रहे है। स्टूडेंट्स मास्टर भुवन नागर ने एशिया कम कराटे में गोल्डमेडल जीता है। कार्यक्रम में आकर्षक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। मार्चपास्ट, स्पीच, ग्रुप डांस, पुरस्कार वितरण किया गया। इस मौके पर केंद्र निदेशक विनोदकुमार, सीडी राजपूत, विनितकुमार, एके राजपूत, जीएम एसके शर्मा, पूर्व स्थल निदेशक केपी ओझा, भारी पानी संयंत्र के डीजीएम डीसी श्रीवास्तव, एडीएमओ, बीसी पाठक, एनके पुष्प कार, प्रिंसिपल दिलीपसिंह, आरके साहनी, नीरजब्लाहटिया मौजूद थे। अंजुमन मदरसे में ध्वजारोहण एमएम अंसारी ने किया।
कांग्रेस कार्यालय पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र टांक, एसडीएम कार्यालय पर एसडीएम राजूलाल गुर्जर, आरपीएस, बांध पर सीबी पंजाबी ने बांध, स्टेच्यू पर वरिष्ठ कर्मचारी हरिओम शर्मा, नगरपालिका में पालिकाध्यक्ष ममता बाई, गुरुतेग बहादुर स्कूल में विवेक जैन, आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक स्कूल में पार्षद मंजूलता जंगम, राजस्थान अणुशक्ति परियोजना कर्मचारी संघ इंटक कार्यालय, इंटक सिंचाई कार्यालय, महावीर शिशु मंदिर, अणुशक्ति अम्बेडकर एससी एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन कार्यालय पर भी ध्वजारोहण किया गया। सेंट पोल स्कूल में ध्वजारोहण फादर पोलसन, अल्फा स्कूल में प्रबंधक शिबू वीपी, ऑक्सफोर्ड अकादमी में ध्वजारोहण किया गया।
उच्च माध्यमिक स्कूल रावतभाटा में ध्वजारोहण संस्थाप्रधान सुनीलकुमार सालवी, राणा प्रताप सीनियर सेकंडरी स्कूल में निदेशक बीएस राणा, पंचायत समिति भैंसरोडगढ़ में ध्वजारोहण किया गया बार एसोसिएशन रावतभाटा की ओर से गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण पूर्व विधायक एवं सीनियर एडवोकेट एचएन शर्मा ने किया। कार्यक्रम में महामंत्री रईस अहमद, अध्यक्ष बलवीरसिंह जादौन, अधिवक्ता, कोर्ट कर्मचारी, टाइपिस्ट मौजूद थे। सागर पब्लिक स्कूल में ध्वजारोहण हाजी मुबारक हुसैन ने किया। श्री विश्वकर्मा आईटीआई में ध्वजारोहण मुख्य अतिथि जगदीश सेवदा ने किया। कार्यक्रम में संस्थाप्रधान ओमप्रकाश गुप्ता मौजूद थे।