धनिए में 65 से 70 प्रतिशत नुकसान
भास्कर न्यूज - रावतभाटा
कृषि विभाग बेगूं के नेतृत्व में कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम ने कुंडाल क्षेत्र की सातों पंचायतों का दौरा किया। कृषि सहनिदेशक जगफूल मीणा ने बताया कि बेमौसम हुई बरसात से फसलों में हुए खराबे का आंकलन किया गया। जिसमें सर्वाधिक नुकसान धनिए की फसल में देखा गया।
हवा के साथ गिरने के बाद धनिए की फसल में तना सडऩ, गलन से उत्पादन पर लगभग 65 से 70 प्रतिशत का नुकसान पाया गया। मीणा ने बताया कि यही मौसम बना रहा तो नुकसान बढऩे की संभावना है।
भ्रमण के दौरान खेतों पर जनप्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण किया गया। कृषि विभाग की टीम में सहायक कृषि अधिकारी धनपालसिंह, पुरुषोत्तम व्यास, मंडल महामंत्री गंगाराम मीणा थे।
फसलों के मुआवजा के लिए सौंपा ज्ञापन
रामगंजमंडी. कांग्रेस किसान एवं मजदूर प्रकोष्ठ की ओर से फसलों का मुआवजा देने की मांग को लेकर सोमवार को राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बैरागी व कैलाशचंद अहीर के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि शीतलहर और मावठ की अधिक बारिश के चलते क्षेत्र में फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। इससे किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है। ऐसे में फसलों का सर्वे करवाकर किसानों को मुआवजा दिया जाए। ज्ञापन देने वालों में भैरु लाल मेघवाल, देवेंद्रसिंह गोयंदा, निजाम, दीपक बंशोरिया, कालूलाल, जुगराज सिंह, नरेंद्रसिंह शक्तावत, अर्जुनसिंह आदि मौजूद थे। उन्होंने फसलों में बरसात और शीतलहर से हुए अत्यधिक नुकसान होने की जानकारी देते हुए शीघ्र पीडि़त किसानों को मुआवजा दिए जाने की मांग की।