4 साल बाद स्टेट फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू
रावतभाटा - यूं तो रावतभाटा मानव मंदिर के खेल मैदान पर हर दिन फुटबाल का खेल खेला जाता है, लेकिन 4 सालों के बाद राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता मंगलवार को शुरू हुई। यंग स्पोट्र्स क्लब की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ रंगारंग समारोह में राजस्थान परमाणु बिजलीघर के स्थल निदेशक सतीशकुमार शर्मा ने फुटबाल को किक लगाकर किया।
उन्होंने इस मौके पर कहा कि फुटबाल ऊर्जावान लोगों का खेल है। रावतभाटा में लोग फुटबाल के भी उतने ही दीवाने है, जितने क्रिकेट और अन्य खेलों के। फुटबाल से आनंद और रोमांच का अनुभव होता है। खेलों से भाईचारा और सौहार्द बढ़ता है। कार्यक्रम में परमाणु बिजलीघर की यूसीसी के अध्यक्ष पीएन प्रसाद ने कहा कि खेलों में हार,जीत से निराश नहीं होना चाहिए। यंग स्पोट्र्स क्लब अध्यक्ष डॉक्टर वाईपी नाकरा ने कहा कि रावतभाटा में खेलों के प्रति दीवानगी है और यही लोगों के स्वस्थ रहने का परिणाम है। सचिव शंकरलाल मीणा ने स्वागत किया। आभार शशीकांत दशोरा, संचालन एच के मालवीया ने किया। इससे पूर्व कार्यक्रम के शुभारंभ पर गुब्बारे छोड़े गए और मुख्य अतिथि एवं अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम में पनबिजलीघर एक्सईएन एजेखान, नरोत्तम जोशी, डीपी सिंह, जीआर मीणा, नवल वर्मा, नारायण सनाढ्य, प्रिंसिपल सुनील सालवी, सुरेंद्र यादव, आरवी श्रोत्रिय, केपीसिंह, शेख जिलानी सहित खेलप्रेमी मौजूद थे। कार्यक्रम में फुटबाल खिलाड़ी नंदकिशोर मीणा के असामयिक निधन पर दो मिनिट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
16 टीमें ले रही है भाग: यंग स्पोट्र्स क्लब की ओर से आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न शहरों की 16 टीमें भाग लेंगी। जिसमें जावरमाइंस उदयपुर, चित्तौडगढ़, निंबाहेड़ा की एनएफए, यूनाइटेड क्लब, जोधपुर की जोधपुर फुटबाल एकेडमी, जयपुर की 2 इंडियन क्लब और चित्रगुप्त क्लब, अंता की एक टीम भाग लेगी। इसके अलावा कोटा से 3 टीमें कुन्हाडी, कोटा फुटबाल क्लब, कोटा हीरोज, मांगरोल, यंग स्पोट्र्स क्लब रावतभाटा की दो टीम एवं यंग हीरोज टीम भाग लेंगी।
प्रतियोगिता के परिणाम: मंगलवार को प्रथम मैच यंग स्पोट्र्स क्लब रावतभाटा ए एवं मांगरोल के मध्य खेला गया। द्वितीय मैच निम्बाहेड़ा एवं रावतभाटा बी टीम के मध्य खेला गया। तृतीय मैच निम्बाहेड़ा एवं यंग हीरोज रावतभाटा के मध्य खेला गया। जिसमें 0-1 से यंग स्पोट्र्स रावतभाटा विजयी रही। 3-0 निम्बाहेड़ा एनएफए, 2-0 से निम्बाहेड़ा विजयी रहा। चौथा मैच जोधपुर एकेडमी ने 0-2 से जीत लिया। बुधवार को मैच सुबह 8 बजे प्रारंभ होगा।