- Hindi News
- हादसों के शिकार हुए लोगों के परिजनों को साढ़े पांच लाख के चेक दिए
हादसों के शिकार हुए लोगों के परिजनों को साढ़े पांच लाख के चेक दिए
नगर संवाददाता - प्रतापगढ़
कृषि उपज मंडी में मंगलवार शाम को राजीव गांधी कृषक साथी योजना २००९ के तहत मंडी स्तर पर गठित सहायता समिति की ओर से दुर्घटना में घायल व मृतकों के दावेदारों को पांच लाख साठ हजार रुपए के चेक वितरित किए गए।
मंडी सचिव कमल किशोर सोनी ने बताया कि कृषि मंडी अध्यक्ष सुरेंद्र चंडालिया की अध्यक्षता में सहायता समिति की ओर से कृषि कार्य करते हुए मृतक व घायलों के आठ दावेदारों को चेक वितरित किए गए। गोमाना निवासी नंदलाल की फसल की पिलाई करते समय ४ जनवरी, २०१३ को करंट लगने से मौत हो गई थी। उनकी पत्नी केशी बाई को एक लाख रुपए का चेक दिया गया। वहीं धोलापानी ((केसरपुरा)) निवासी भाना मीणा की ३१ दिसंबर, २०१२ को खेत पर पैर फिसलने से कुएं में गिरने से मौत हुई थी। उनकी पत्नी मीरा मीणा को एक लाख रुपए का चेक दिया गया। पीपलीखेड़ा निवासी प्रेमी मीणा के १४ जुलाई, २०१२ को कृषि कार्य करते समय सांप के डसने से मौत हो गई थी। उसके पिता मोतीलाल को एक लाख रुपए का चेक दिया गया। कोटड़ी निवासी कोदरी बाई मीणा की १५ अगस्त, २०१३ को फसल निराई-गुडाई करते समय सांप के डसने से मौत हुई थी। उसके पति वागजी मीणा को एक लाख रुपए का चेक दिया गया। मोटाखेरा निवासी भैरुलाल मीणा की २९ जून, २०१३ को कुएं से मलबा निकालते समय पत्थर गिरने से मौत हो गई थी। उनकी पत्नी भगली बाई मीणा को एक लाख का चेक दिया गया। चूपना निवासी जगदीश डांगी के घायल होने पर सहायता के रूप में ५० हजार का चेक दिया। पिल्लू निवासी गौरी शंकर शर्मा व पेपा बाई मीणा पत्नी गोपाल मीणा निवासी प्रतापपुरा को पांच-पांच हजार के चेक दिए गए।