- Hindi News
- मंदिर मंडल के अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने की मांग
मंदिर मंडल के अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने की मांग
भास्कर न्यूज - नाथद्वारा
मन्दिर मंडल कामगार यूनियन ने रिक्त पदों को भरने व वर्षों से कार्य कर रहे अस्थाई कर्मचारियों को स्थाई करने की मांग पर मंगलवार को मुख्यमंत्री को पत्र लिखा।
कामगार यूनियन ने पत्र में बताया कि श्रीनाथजी मंदिर मंडल में 470 पद स्थाई कर्मचारियों का बजट स्वीकृत है। इन पदों में से वर्तमान में करीब 200 पद रिक्त चल रहे हैं। लंबे समय से अस्थाई रूप से कार्य कर रहें कर्मचारियों को पूर्व राज्य सरकार द्वारा नियम व कानूनों में उलझाकर स्थाई नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि कामगार यूनियन करीब
4-5 वर्षों से 11 सूत्री मांगों को पूरा करने के क्रम में धरना, प्रदर्शन, जुलूस व आंदोलन कर रहे हैं।
यूनियन अध्यक्ष निरंजन गोरवा ने बताया कि विधायक कल्याणसिंह चौहान ने सरकार बनने पर स्थाईकरण करने का आश्वासन दिया था। यूनियन ने मुख्य निष्पादन अधिकारी को अंशकालीन कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी करने को लेकर ज्ञापन दिया। ज्ञापन में बताया कि मंदिर मंडल संस्थान में विभिन्न विभागों में कार्य करने वाले कुछ कर्मचारियों को अंशकालीन कर्मचारी माना गया है। इन कर्मचारियों को राज्य सरकार के अनुसार मानदेय नहीं दिया
जाता है। अधिकांश कामगार 8 घंटे कार्य करते हैं, जबकि उन्हें इसका पूरा मानदेय नहीं मिल रहा है।