नाथद्वारा : फरवरी में आयोजनों की धूम
नाथद्वारा - श्रीनाथजी की नगरी में फरवरी में आयोजनों की धूम रहेगी। यहां दो छप्पनभोग सहित कई आयोजन होंगे। इन आयोजनों में शिरकत करने के लिए नेता, अभिनेताओं का आना जाना लगा रहेगा। बड़े आयोजनों के तहत मुंबई और गुजरात से भी श्रद्धालुओं का तांता रहेगा। रिलायंस ग्रुप परिवार के छप्पनभोग व उद्घाटन कार्यक्रम की सर्वाधिक चर्चा है। नाथद्वारा मंदिर मंडल बोर्ड की उपाध्यक्ष कोकिलाबेन अंबानी के आयोजन में अमिताभ बच्चन, सचिन तेंडुलकर, भाजपा के प्रधानमंत्री पद के दावेदार नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य सेलिब्रिटीज के आने की संभावना है।
> दो छप्पनभोग मनोरथ : 8 फरवरी को मुम्बई के हीरा व्यापारी किशोर गांधी वैष्णव परिवार द्वारा श्रीनाथजी में छप्पन भोग मनोरथ होगा। 24 को रिलायंस समूह की ओर से प्रथम चरण में बुक करवाए गए सूइट तथा हॉल के शुभारंभ के साथ ही छप्पनभोग होना है। मिराज ग्रुप की ओर से प्रभु मिलन व सम्मेलन, पाटोत्सव सहित अन्य कार्यक्रम होंगे।
> ब्राह्मण सम्मेलन : 12 फरवरी को मिराज ग्रुप की ओर से ब्राह्मण सम्मेलन तथा भगवान लक्ष्मीनारायण व चारभुजा का मिलन होगा। शहर के लाल बाग स्थित दामोदर स्टेडियम में 24 व 44 श्रेणी ब्राह्मण समाज का सम्मेलन होगा। ठाकुरजी को छप्पनभोग अरोगाया जाएगा।
> श्रीनाथजी का पाटोत्सव : 22 फरवरी को श्रीजी मंदिर में प्रभु का पाटोत्सव मनाया जाएगा। फाल्गुन कृष्ण सप्तमी संवत् 1728 के दिन ही प्रभु श्रीनाथजी नाथद्वारा के नवनिर्मित श्रीनाथजी मंदिर में पाट पर बिराजे थे तभी से हर वर्ष फाल्गुन कृष्ण सप्तमी को श्रीनाथजी का पाटोत्सव मनाया जाता है।