न्यूज़ इनबॉक्स
अब ऑनलाइन होगा जन्म मृत्यु का रजिस्ट्रेशन
मावली - ग्राम पंचायतों में जन्म मृत्यु का रजिस्ट्रेशन अब ऑनलाइन किया जाएगा। इससे पंचायतों के काम में पारदर्शिता आएगी। सरकार ने इस संबंध में एक जनवरी को आदेश जारी किए थे। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की योजना के बारे में जानकारी देने के लिए गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में पंचायतों के रजिस्ट्रार व उप रजिस्ट्रार को प्रशिक्षण दिया गया। विकास अधिकारी सी.आर. मीणा ने बताया कि सरकार के निर्देश पर एक जनवरी से जन्म मृत्यु का रजिस्ट्रेशन ऑन लाइन करने की व्यवस्था करवा दी है। बीडीओ ने बताया कि सभी पंचायतों में लगे कम्प्यूटर से इस व्यवस्था को संचालित किया जाएगा। इससे काम में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने को लेकर पंचायतों के रजिस्ट्रार व उप रजिस्ट्रार को विस्तार से प्रक्रिया भी बताई। जिला परिषद के सहायक सांख्यिकी अधिकारी प्रदीप नागौरी, सांख्यिकी निरीक्षक मोहम्मद रफीक, पंचायत प्रसार अधिकारी गोपालकृष्ण विजयवर्गीय ने संबंधितों को प्रशिक्षण दिया।
पचास घरों की बस्ती पर एक डीपी, बार-बार फॉल्ट से परेशानी
मावली - तहसील में गुर्जरों की वाजमिया गांव के बाशिंदे बिजली की बार-बार आंख मिचौनी से परेशानी झेल रहे हैं। इस संबंध में कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन इस संबंध में ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गुर्जरों की वाजमिया के बाशिंदों का कहना है कि पचास घरों की आबादी वाले इस गांव में एक डीपी लगी हुई है। डीपी पर ज्यादा भार से आए दिन फॉल्ट आ जाता है। इसे सुधारने के लिए बार-बार निगम में शिकायत की गई, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि एक और डीपी लगवाकर कनेक्शन बांट दिए जाएं तो फॉल्ट से निजात मिल सकेगी। ग्रामीणों ने नई डीपी लगवाने की मांग की है।
नेतृत्व विकास संबंधी प्रशिक्षण
मावली - पंचायत समिति सभागार में गुरुवार को जेंडर संवेदी प्रशासन को लेकर नेतृत्व विकास पर दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। उद्घाटन प्रधान सुशील ओस्तवाल ने किया। विकास अधिकारी सी.आर. मीणा ने पंचायत समिति सदस्यों को जेंडर संवेदी प्रशासन के बारे में बताया। पंचायत समिति सदस्य भंवरसिंह चूंडावत ने महिला के ममत्व, सेवा भाव, व कत्र्तव्य भाव पर व्याख्या की। पंचायत समिति के अधीनस्थ पांचों विभागों के अधिकारियों ने जेंडर संवेदी प्रशासन में नेतृत्व विकास पर विचार रखे।
मावली क्षेत्र में आज बिजली सप्लाई बंद रहेगी
मावली - बिजली निगम के 33 केवी जीएसएस मावली, 334 केवी जीएसएस खेमली व 334 केवी जीएसएस भवाल फीडर पर रखरखाव के कारण शुक्रवार को क्षेत्र के कुछ फीडर्स की बिजली सप्लाई बंद रहेगी। निगम के एईएन महेश मीणा ने बताया कि मावली, फतहपुरा, व$ाड़ी धारता, वल्लभनगर, गायरियावास, जवानजी का खेड़ा, नवोदय विद्यालय से संबंधित गांवों के फीडर्स की बिजली सप्लाई सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक बंद रहेगी।
पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला का समापन
मावली - पलानाकला के सेठ सोहनलाल दुग्गड राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में पर्यावरण जागरूकता संबंधी कार्यशाला का समापन गुरुवार को हुआ। कंज्यूमर यूनिटी एवं ट्रस्ट सोसायटी जयपुर के सहयोग से गांव में जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें विद्यार्थियों ने जैव विविधता संरक्षण पर चार्ट, पोस्टर व निबंध के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों को बीज संरक्षण, वर्मी कंपोस्ट व किचन गार्डन बनाया। सामुदायिक गतिविधियों के तहत गांव में सफाई की गई। पोस्टर प्रतियोगिता में शंकरलाल मेघवाल व कुसुम सिसोदिया, निबंध में शीतल सुखवाल व मनीषा आचार्य क्रमश: प्रथम व द्वितीय रहे। संस्था प्रधान पन्नालाल मेघवाल, सोहनलाल आमेटा, भानसिंह राव, गदिया शर्मा, कृष्णा शर्मा बतौर अतिथि शामिल हुए।
खेल मैदान का रास्ता खुलवाने की मांग
खेरवाड़ा - निकटवर्ती करावाड़ा गांव के खेल मैदान का रास्ता खुलवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खेरवाड़ा तहसीलदार को पत्र भेजा है। पत्र में बताया कि करावाड़ा में माध्यमिक विद्यालय के पीछे खेल मैदान एवं प्राथमिक विद्यालय है। यहां आने-जाने का बरसों पुराना रास्ता पटवार हल्का खसरा सं. 4146/340 में दर्ज है। उक्त रास्ते को वर्तमान में बंद कर दिया गया है। इस रास्ते के अलावा मैदान में आने-जाने का दूसरा रास्ता नहीं है। विद्यालय में पढऩे वाले विद्यार्थियों को कूद कर कंटीली झाडिय़ों के बीच से गुजरना पड़ता है। इससे पहले भी कई बार ग्रामीणों व विद्यालय प्रशासन की ओर से उक्त मार्ग खुलवाने की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
मिड-डे मील में अंडा शामिल करने का विरोध
खेरवाड़ा - केंद्र सरकार की मिड-डे मील योजना में कुपोषण से निबटने के लिए बच्चों को मध्यान्ह भोजन में अंडा देने की योजना का स्थानीय जैन समाज ने कड़ा विरोध किया है। समाज के अध्यक्ष हजारीलाल कोठारी, उपाध्यक्ष पारस जैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने केन्द्र सरकार से मध्यान्ह भोजन में अंडा शामिल नहीं करने की मांग की है। जैन समाज का कहना है कि अंडा शाकाहारी नही है तथा इसके खाने से कई तरह के दुष्प्रभाव भी होते है।
जनवादी मजदूर यूनियन की सभा
खेरवाड़ा - जनवादी मजदूर यूनियन शाखा खेरवाड़ा की सभा हुई। इसमें धूलेव के मजदूरों की 13 दिन से चल रही हड़ताल का समर्थन करते हुए ठेकेदारों के अडिय़ल रूख की निंदा करते हुए हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया गया। यूनियन के सचिव बंशीलाल ने बताया कि महंगाई कई गुना बढ़ जाने के बावजूद सरकार न्यूनतम मजदूरी नहीं बढ़ा रही है।
वार्षिक समारोह ‘सोम’ में हुई प्रतियोगिताएं
खेरवाड़ा - राजकीय महाविद्यालय खेरवाड़ा में सांस्कृतिक समिति एवं छात्रसंघ के वार्षिक समारोह ‘सोम’ का आयोजन किया गया। इस दौरान कई सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुई। इनमें से एकल गायन में संतोष मीणा, जयेश सिकलीगर, गणेश मेघवाल, समूह गायन में गणेश मीणा, जयेश सिकलीगर, निकिता, एकल नृत्य में जसवंत मीणा, प्रियंका मीणा, हीना पंचाल, समूह नृत्य में चेतना, महेश, दिव्या, एकांकी एवं अभिनय में हसीना डामोर, निकिता एवं जयेश सिकलीगर क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहे।
शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा
खेरवाड़ा - राजस्थान शिक्षक संघ ((प्रगतिशील)) के प्रदेशाध्यक्ष बाबूलाल जैन की अगुवाई में शिक्षकों की बैठक हुई। इसमें शिक्षक समस्याओं का निबटारा नहीं होने, शिक्षकों के आर्थिक शोषण एवं उत्पीडऩ की घटनाओं को रोकने, पेंशन स्थरीकरण, सेवा पुस्तिका संधारण, अवकाश स्वीकृति, शिक्षकों के बकाया भुगतान सहित अन्य मामलों के निस्तारण के लिए आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। बैठक की अध्यक्षता संघ के देहात जिलाध्यक्ष सुरेंद्र आमेटा ने की। बैठक को अतिरिक्त जिला मंत्री बंशीलाल परमार, सभाध्यक्ष रामप्रसाद शर्मा, मंत्री राजेंद्र सालवी, संयुक्त मंत्री विपुल लक्षकार, राजेंद्र जोगी, जुगल किशोर पंचाल आदि ने भी संबोधित किया।
धर्मराज बावजी के मंदिर पर कलश स्थापना समारोह
वल्लभनगर - निकटवर्ती कीकावास गांव में धर्मराज वड़वा बावजी मंदिर पर कलश, हवन, ध्वजा प्रतिष्ठा समारोह के लिए मंगलवार को रात्रि जागरण हुआ। वहीं दो लाख 51 हजार रुपए की बोली लगाकर कलश स्थापना का लाभ देवा डांगी ने लिया।
आओ देखो सीखो प्रतियोगिता का समापन
सलूंबर - राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय दोलपुरा में आओ देखो सीखो प्रतियोगिता हुई। इसमें विजेता बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। नोडल प्रभारी जगदीश कामड़ ने बताया कि गुरुवार को विद्यालय में आओ देखो सीखो प्रतियोगिता हुई। इसमें प्रथम व द्बितीय रही बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान वार्ड पंच गमाना भाई मीणा, एसएमसी अध्यक्ष रामलाल मीणा सहित ग्रामीण मौजूद थे। संचालन सुनिल लड़ौती ने किया।
पाराशर समाज की बैठक 26 को देवली में
खेरोदा - अखिल भारतीय पाराशर समाज की विवाह संबंधित बैठक देवली ((टोंक)) में गौतम आश्रम में रविवार को होगी। बैठक में पाराशर मेवाड़ संभाग के सदस्य भाग लेंगे। इसमें सामूहिक विवाह के बारे में चर्चा की जाएगी। साथ ही मेवाड़ संघ के पाराशर समाज के विवाह समारोह अध्यक्ष महावीर पाराशर, मेवाड़ पाराशर समाज के अध्यक्ष सवाई लाल पाराशर, राजेंद्र कुमार पाराशर, भवानी शंकर पाराशर, चांदमल पाराशर व मुकेश पाराशर आदि ने भाग लिया। बैठक में विवाह पंजीकरण व युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन भी होगा।
विज्ञान क्लब ने करवाई पोस्टर प्रतियोगिता
कानोड़ - राजकीय माध्यमिक विद्यालय बडवई में विज्ञान क्लब की ओर से पोस्टर प्रतियोगिता हुई। क्लब सचिव ओम प्रकाश मेहता ने बताया कि प्रतियोगिता क्लब प्रभारी त्रिगुणेश्वरी राव के निर्देशन में जूनियर वर्ग में प्राकृतिक दृश्य विषय तथा सीनियर वर्ग में आदर्श गांव विषय पर हुई। प्रतियोगिता में विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में मुरारी जोशी प्रथम व देवेश श्रीमाली द्वितीय रहे। इसी तरह सीनियर वर्ग में नेहा श्रीमाली व पूनम उपाध्याय प्रथम तथा खुश्बू गुर्जर द्वितीय रही।
ओगणा पुलिस ने ओवरलोड वाहनों के चालान काटे
झाड़ोल ((फ)) - क्षेत्र की ओगणा पुलिस ने यातायात सप्ताह के तहत गुरुवार को ओवरलोड वाहनों के चालान काटे। थानाधिकारी रतनसिंह चौहान ने बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी कर ओवरलोड यात्री भार ढोने वाले चार वाहनों के चालान काटकर 600 रुपए जुर्माना वसूला। हालांकि चालान काटने की भनक लगते ही वाहन चालाक सचेत हो गए।