- Hindi News
- 15 सूत्री मांगों को लेकर खान मजदूरों ने किया काम बंद
15 सूत्री मांगों को लेकर खान मजदूरों ने किया काम बंद
भास्कर न्यूज - ऋषभदेव
स्थानीय जनजाति खान मजदूर संघ की ओर से शुक्रवार को खान मजदूर संघ के आहवान पर क्षेत्र की कुछ खदानें बंद रही। सुबह से ही जनजाति खान मजदूर संघ के अध्यक्ष राजपाल मीणा व श्रीपाल मीणा की मौजूदगी में मसारों की ओबरी स्थित कुवेडी पर श्रमिक एकत्रित हुए और खानों पर काम करने नहीं गए। एकत्रित श्रमिकों के बीच विचार विमर्श किया गया कि सात दिन पूर्व दिए ज्ञापन को लेकर कोई वार्ता नहीं हुई है। इसके चलते वार्ता नहीं होने तक काम बंद रखने का निर्णय लिया गया, लेकिन उधर क्षेत्र की कुछ खदानें चालू रही।
यह थी मांगें
सात दिन पूर्व संरक्षक कालूराम मीणा की अगुवाई में 15 सूत्री मांगों को लेकर तहसीलदार आर.एल. डामोर को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौपा गया था। इसमें बताया कि मसारों की ओबरी, ओड़वास स्थित ग्रीन मार्बल की माइंसों में आसपास के श्रमिक कार्यरत है, लेकिन उन्हें प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। इसके अलावा आठ घंटे काम, श्रमिकों का पी.एफ., एक वर्ष में 12 छुट्टी, श्रमिकों को हाजरी मय फॉर्म के साथ, प्रतिमाह 7 तारीख को भुगतान, वर्ष में एक बार सरकारी नियमानुसार भुगतान में बढ़ोतरी, 8 घंटे से अधिक काम होने पर ओवर टाइम, श्रमिको की सुरक्षा, ठेका प्रथा बंद करने, माइंस पर दुर्घटना होने पर उसका निस्तारण संघ के पदाधिकारी व श्रमिक के परिजनों को मिलकर किया जाए आदि मांगे शामिल थी। ज्ञापन में सात दिन में बातचीत कर समस्या निराकरण करने की मांग की गई, साथ ही समस्या का हल नहीं होने पर सात दिन बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई थी।