- Hindi News
- राजसमंद तहसील में पेंशन के 71 आवेदनों की मंजूरी लंबित
राजसमंद तहसील में पेंशन के 71 आवेदनों की मंजूरी लंबित
भास्कर न्यूज - राजसमंद
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी ने शुक्रवार को विधानसभा में पेंशन योजना के भुगतान में अनियमितता का मुद्दा उठाया। उन्होंने तारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार से प्रदेश में चल रही सामाजिक सुरक्षा योजना में आवेदन व भुगतान के बारे में सूचना मांगी।
प्रश्न के जवाब में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री में बताया कि विधवा, वृद्धावस्था व विशेष योग्यजन पेंशन योजनाओं में किसी भी कार्य दिवस पर ग्राम पंचायत व नगर पालिका में आवेदन किया जा सकता है। इनके आवेदन पत्र निकायों पर उपलब्ध है। मंत्री ने राजसमंद विधानसभा क्षेत्र के महज 71 आवेदन पत्र विभाग के पास लंबित होना बताते हुए इनका निस्तारण शीघ्र करने की बात कही।
किरण ने जीवन वृतियों के अनियमित भुगतान का प्रश्न भी उठाया। इस पर सरकार ने सभी जीवन वृतियों का भुगतान मासिक आधार पर नियमित रूप से करने की जानकारी दी। विधायक माहेश्वरी के अतारांकित प्रश्न के जवाब में सरकार ने की ओर से बताया कि स्वयं सहायता समूहों को सक्षम बनाने व स्व उद्यमिता बढ़ाने के उद्देश्य से सहकारी सूक्ष्म वित्त समितियां बनाई जा रही है। राज्य की प्रत्येक पंचायत समिति में ये समितियां बनेगी। सहकारी वित्त एवं विकास निगम इन सूक्ष्म वित्त समितियों को आर्थिक सहयोग प्रदान करेगा। ये समितियां सूक्ष्म उद्यमियों को साख सुविधा, बीमा सुविधा व विपणन में सहयोग करेंगी। स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण, अनुसंधान सुविधाएं उपलब्ध कराने व सूक्ष्म वित्त क्लब के गठन का कार्य भी करेगी। बताया गया कि राज्य में अब तक 10 सूक्ष्म वित्त समितियों का गठन किया जा चुका है। मार्च 2014 तक सभी जगहों पर समितियां गठित कर दी जाएगी।
विधानसभा सत्र में विधायक किरण माहेश्वरी के सवाल पर दी जानकारी