न्यूज़ इनबॉक्स
बकरी पालकों को नस्ल सुधार की जानकारी दी
देवगढ़ - क्षेत्र के गांवों में विशेषज्ञों ने बकरी पालकों को नस्ल सुधार की जानकारी दी। केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान मथुरा के अखिल भारतीय बकरी नस्ल सुधार परियोजना समन्वयक डॉ. एसके सिंह ने मदारिया देवगढ़ क्षेत्र में बकरी पालकों से चर्चा की। उन्हें अच्छी नस्ल की बकरियां पालने की बात कही गई। दिलीप टॉक, मोहन नाथ, बाबूलाल प्रजापत, भग्गू माली, जग्गू ने सिंह का स्वागत किया। उन्होंने बकरी पालकों से पशुपालन की आधुनिकता, वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
खेल स्पर्धा व सांस्कृतिक कार्यक्रम का समापन
राजसमंद - संस्कार स्कूल कमल तलाई कांकरोली में खेल स्पर्धा व सांस्कृतिक सप्ताह का समापन शुक्रवार को हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यूसीपी के निदेशक ललित राजगुरु थे। अध्यक्षता नवीन ज्योति स्कूल के प्रधानाध्यापक प्रकाश सालवी ने की। संस्था अध्यक्ष मीठालाल कुमावत, प्रधानाध्यापक बृजेश माली ने बताया कि 15 जनवरी से चल रहे सप्ताह संस्कृति 2014 में स्कूल के सभी वर्गों के बालक-बालिकाओं की मीनिंग, श्लोक, अंत्याक्षरी, पहाड़े, निबंध, चित्रकला, जीके क्विज, जलेबी रेस, बोरी रेस, चम्मच रेस, कुर्सी रेस, मेढक रेस, ऊंट रेस, तेज चाल, धीमी चाल, पगड़ी रेस, मेहंदी एकल, समूह गीत व नृत्य प्रतियोगिताएं हुई। प्रतियोगिता में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस पर पुरस्कार दिए जाएंगे।
व्यापार महासंघ ने गणतंत्र दिवस मनाने पर चर्चा की
राजसमंद - समस्त व्यापार महासंघ राजसमंद की बैठक में गणतंत्र दिवस मनाने को लेकर चर्चा हुई। महामंत्री प्रदीप खत्री ने बताया कि 26 जनवरी की पूर्व संध्या पर देश भक्ति आधारित कार्यक्रम होगा। गणतंत्र दिवस पर बस स्टैंड, पंडित दिनदयाल उपाध्याय सर्कल, फव्वारा चौक राजनगर में मनाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी। इस अवसर पर महासंघ अध्यक्ष ख्यालीलाल मेहता, महेन्द्र देवपुरा, शिवलाल पालीवाल, कमलेश कोठारी, प्रहलाद वैष्णव, अभय महात्मा उपस्थित थे।