- Hindi News
- कोटड़ी में शांति पूर्वक मना गणतंत्र दिवस
कोटड़ी में शांति पूर्वक मना गणतंत्र दिवस
अरनोद - अरनोद उपखंड के कोटड़ी में ढील के दौरान जन जीवन सामान्य रहा। उपद्रव के बाद १२ वें दिन कोटड़ी में 65 वां गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। समारोह गांव के राउमावि में हुआ। मुख्य अतिथि तहसीलदार अमृतलाल डामोर, विशिष्ट अतिथि पुलिस उपाधीक्षक भोपाल सिंह व नारायणसिंह थे। अध्यक्षता सरपंच सकुड़ी बाई ने की। तहसीलदार अमृतलाल डामोर ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान स्कूल के छात्रों ने व्यायाम प्रदर्शन किया व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।
गांव में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे: समारोह के दौरान तहसीलदार अमृतलाल डामोर व पुलिस उपाधीक्षक नारायण सिंह ने ग्रामीणों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इस दौरान गत १४ जनवरी को हुए घटनाक्रम में मृतकों के लिए मौन रख कर श्रृद्धाजंलि दी गई। उपाधीक्षक नारायण सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि गांव में कोई भी विवाद होता है तो उसे उग्र न होने दें। आपस में मिल बैठ कर समझाने का प्रयास करें। अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य नूतन शर्मा ने अतिथियों व ग्रामीणों का आभार जताया। कोटड़ी में बीते दिनों हुए उपद्रव का असर २६ जनवरी के समारोह में दिखा। हर बार की तरह इस बार छात्र-छात्राओं की उपस्थिति काफी कम रही। अरनोद में उपखंड स्तरीय समारोह प्रताप स्टेडियम में हुआ। मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी दिलखुश खींची थे। अध्यक्षता प्रधान तेजराम मीणा ने की। समारोह में एसडीएम ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।