- Hindi News
- भेड़ देने से मना किया तो किशोर को गोली मारी
भेड़ देने से मना किया तो किशोर को गोली मारी
प्रतापगढ़ - एक १४ वर्ष के किशोर ने भेड़ देने से मना किया तो उसको गोली मार दी गई। किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद भागे आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया है।
वारदात रविवार दोपहर जिला मुख्यालय से करीब २० किमी दूर धमोत्तर थाना क्षेत्र के ऊंटाखेड़ा गांव की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि रेबारी परिवार का १४ वर्षीय किशोर घाणेराव सादड़ी ((पाली)) निवासी गैरुराम पुत्र हिंदूराम रायका रविवार दोपहर भेड़ें लेकर ऊंटाखेड़ा गांव से गुजर रहा था। इस दौरान ऊंटाखेड़ा गांव के लालूराम ((२८)) पुत्र रखबचंद मीणा ने किशोर को रोका। लालूराम ने किशोर से एक भेड़ देने को कहा। किशोर ने भेड़ देने से मना कर दिया तो लालूराम ने उसे गोली मारने की धमकी दी। फिर भी किशोर ने भेड़ देने से इंकार किया तो लालूराम ने गोली चला दी। गोली गैरुराम के सिर में लगी। किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इधर, एसपी उत्सव लाल छानवाल ने बताया कि वारदात के बाद धमोत्तर थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम आरोपी की तलाश में जुट गई थी। आरोपी लालूराम मीणा को रघुनाथपुरा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया है।