पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कार सवार युवकों पर फायरिंग कर 1 लाख की लूट

कार सवार युवकों पर फायरिंग कर 1 लाख की लूट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भीम - अजमेर-राजसमंद जिले की सीमा पर भीम क्षेत्र में भैरुजी मंदिर के पास रविवार देर रात पांच लुटेरों ने कार में सवार पांच लोगों से लूटपाट की। इसका विरोध करने पर लुटेरों ने एक व्यक्ति पर फायर कर दिया, इससे वह गंभीर जख्मी हो गया। वारदात के बाद आरोपी कार में फरार हो गए।
लुटेरों ने पीडि़तों के मोबाइल छीन लिए तथा कार की चाबी निकाल ली। पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी नेमीचंद जैन, सुशील कुमार, राजेश लुणिया, भंवरलाल व चालक यश कुमार के साथ छत्तीसगढ़ से जोधपुर के ओसियां में मूर्ति लेने जा रहे थे। रविवार रात 9 बजे भीलवाड़ा से ब्यावर के लिए रवाना हुए। रात करीब 12 बजे भीम क्षेत्र में भैरुजी मंदिर के पास बिना नंबर की एक सफेद कार में आए बदमाशों ने कार आगे लगाकर इन्हें रुकवा दिया। इसके बाद कार से पांच लोग उतरे और चालक यश कुमार को उतार कर पिटाई शुरू कर दी। लुटेरों ने कार में सवार सुशील कुमार पर रिवाल्वर लगा दी और सारा माल उनके हवाले करने को कहा।
लुटेरों ने कार सवार पीडि़तों से नकदी, मोबाइल और सोने की अंगूठियां छीन ली। इस बीच सुशील कुमार ने लुटेरों का विरोध किया तो लुटेरों ने उन पर फायर कर दिया। गोली उनके कान को चीरती हुई निकल गई। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। लुटेरे करीब 1 लाख रुपए का माल लूट कर कार में फरार हो गए।