‘फसल खराबे का मुआवजा मिले’
नगर संवाददाता - प्रतापगढ़
किसानों ने पिछले दिनों बारिश से हुए फसल खराबे का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। भारतीय किसान संघ अध्यक्ष खुमाण सिंह के नेतृत्व में सोमवार को किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्ट्री पहुंच कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि खेतों में वर्तमान में रबी की फसल खड़ी है। लेकिन पिछले १५ दिनों से खराब मौसम व मावठ के कारण फसल खराब होने से किसानों को नुकसान हुआ है। किसानों ने भेजे ज्ञापन में फसल खराबा की गिरदावरी करवा कर मुआवजा दिलाने की मांग की है। साथ ही किसानों के ऋण व बिजली के बिल माफ किए जाने की मांग की है। इस दौरान किसान देवीलाल पाटीदार, कन्हैयालाल माली, सोहनलाल आंजना, रुपलाल मीणा, पन्नालाल आदि मौजूद थे। इधर, ग्राम पंचायत नकोर सरपंच धनराज मीणा के नेतृत्व में भी किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर से मिला तथा मावठ व बारिश से हुए नुकसान को लेकर गिरदावरी करवाने व मुआवजा दिलवाने की मांग की।