- Hindi News
- गणतंत्र दिवस समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान
गणतंत्र दिवस समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान
भास्कर टीम
राजसमंद - जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह कांकरोली के बालकृष्ण स्टेडियम में मनाया गया। समारोह मे मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. प्रीतम बी यशवंत ने ध्वज फहराया तथा परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। स्वतंत्रता सेनानियों को शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया गया। लक्ष्मीपत सिंघानिया स्कूल जे.के. के छात्र-छात्राओं ने ‘‘मानचित्र पर कितना सुंदर देश हमारा है’ की भाव पूर्ण प्रस्तुति दी। इसी प्रकार गायत्री विद्या मंदिर किशोर नगर द्वारा ‘आज युग ने हमे है पुकारा’ गांधी सेवा सदन विद्यालय द्वारा ‘डंको बाजे रे-दुनिया में म्हारो भारत है महान’ आलोक उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा ‘वन्दे मातरम् एवं मतदाता जागरूकता पर भाव गीत प्रस्तुत किया। जवाहर नवोदय विद्यालय के बच्चों ने ऐ मेरे वेतन के लोगों पर प्रस्तुति दी। 47 प्रतिभाओं का सम्मान हुआ। इस अवसर पर विभिन्न विभागों ने अपने आयामों के साथ सुसज्जित झांकियां निकाली। नगरपरिषद ने सफाई एवं स्वच्छता अभियान पर, वन विभाग ने प्राकृतिक संसाधन संरक्षण पर, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक व प्रारम्भिक तथा सर्व शिक्षा अभियान ने शिक्षा का अधिकार, महिला मंच द्वारा नारी जागरण एवं महिला सशक्तिकरण सहित विविध झांकियां शामिल थी। राजस्थान पुलिस के प्रकाशसिंह, मदनसिंह सुरेश कुमार, श्यामलाल एवं बाबूलाल ने सिंगल टेन्ट पेंकिग, लान्स एण्ड पैग, टीम टेन्ट पेंगिग एवं शो जम्पिंग जैस घुड़सवारी पर करतब दिखाए। समारोह में राजस्थान पुलिस बल प्लाटुन नम्बर दो को पहला स्थान मिला जबकि राजस्थान पुलिस बल प्लाटुन नम्बर एक को द्वितीय स्थान मिला। जवाहर नवोदय विद्यालय बैण्ड को प्रथम तथा विद्या निकेतन विद्यालय के बैण्ड को द्वितीय स्थान मिला जबकि झांकियों में वन विभाग की झांकी ने प्रथम स्थान अर्जित किया तथा खनिज विभाग ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर विधायक राजसमन्द किरण माहेश्वरी, नगरपरिषद सभापति श्रीमती आशा पालीवाल, जिला पुलिस अधीक्षक श्वेता धनकड, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुशल कुमार कोठारी, उपखण्ड अधिकारी राजसमन्द बृजमोहन बैरवा, तहसीलदार हंसमुख कुमार, डीएसपी घनश्याम शर्मा, परियोजना निदेशक आत्मा डॉ.जी एल चावला, उप पंजीयक पुखराज श्रीमाली, सीएमएचओ डॉ.तरूण चौधरी, सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां एम एल पुरोहित, अधिशाषी अभियंता जलदाय निर्मल चित्तौडा, जिला शिक्षा अधिकारी मा. शंकरलाल सनाढ्य, स्वतंत्रता सैनानी जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक सहित कई लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश श्रीमाली ने किया। कलेक्ट्रेट कार्यालय के भवन पर जिला कलेक्टर डॉ. प्रीतम बी यशवन्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जिला परिषद में जिला प्रमुख किशनलाल गमेती ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। गायत्री शक्तिपीठ में एडीएम ओमप्रकाश जांगिड के मुख्य आतिथ्य में देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राउमावि नमाना में प्रधानाचार्य नगेन्द्र कुमार मेहता, विद्या विहार उच्च प्राथमिक विद्यालय कांकरोली में संस्था प्रधान फतहलाल गुर्जर, राजसमंद बार एसोसिएशन में बार एसोसिएशन बहादुर सिंह चारण ने झंडारोहण किया। आदर्श विद्या मन्दिर उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका रेणु दीक्षित, हरिता इंटरनेशनल सेकंडरी स्कूल में प्रधानाचार्य टी राज अंबिका, पेरा माउंट इंटरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्य एन के विजय, स्काउट व गाइड कार्यालय पर सीओ सुरेन्द्र कुमार पांडे, मयूर पब्लिक सेकेण्डरी स्कूल में संस्थापक मुकेश वैष्णव ने झंडारोहण किया। राजकीय नंदलाल जोशी उच्च माध्यमिक विद्यालय मोही में प्रधानाचार्य बंशीलाल कीर, आर के अस्पताल में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीएल डूंगरवाल, राजकीय माध्यमिक स्कूल बामनहेड़ा में अध्यक्ष मदनलाल वैरवा, प्रगति सैकण्डरी विद्यालय एमडी में संस्था प्रधान रजनी नंदवाना ने झण्डारोहण किया। आलोक स्कूल पर प्रशासक मनोज कुमावत व प्राचार्य सुनील त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। संस्थान के संस्थापक श्यामलाल कुमावत व निदेशक डॉ. प्रदीप कुमावत ने उद्बोधन दिया। बीएन गल्र्स कॉलेज में मुख्य अतिथि अधिकारी द्वारकाधीश मन्दिर मण्डल के भगवतीलाल पालीवाल थे। अध्यक्षता बी एन कॉलेज चेयरमेन अध्यक्ष रघुवीर सिंह केलवा ने की। विशिष्ट अतिथि पाराशर उपाध्याय थे। कॉलेज पर ध्वजारोहण भगवतीलाल पालीवाल ने किया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मैना जैन ने बताया कि विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट किया। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला मुख्यालय भीलवाड़ा रोड स्थित स्काउट गाइड कार्यालय पर सीओ सुरेन्द्र कुमार पांडे ने ध्वजारोहण किया गया। आर के मार्बल स्टेडियम मोरवड़ पर परमानन्द पाटीदार मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता ऐ के श्रीमाली ने की। विशिष्ट अतिथि निर्मल जैन, रघुवीर सिंह राठौड़ व पांचू राम चौधरी थे।
नाथद्वारा - श्रीनाथजी ग्रुप ऑफ इन्स्टीट्यूशन्स में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रीनाथजी इन्स्टीट्यूट टेक्नोलॉजी एण्ड इंजीनियरिंग में ध्वजारोहण निदेशक अकादमिक डॉ. वीपी मेहरा ने किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रशासनिक डॉ. एएन माथुर, श्यामसुन्दर राठी सहित सभी प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। श्रीनाथजी इन्स्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में ध्वजारोहण प्राचार्य डॉ. राघवेन्द्र सिंह भदौरिया ने किया इसी प्रकार श्रीनाथजी इन्स्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट में ध्वजारोहण प्राचार्या डॉ. दिप्ती भार्गव ने किया। इसी बीच संस्थान मे विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये। जिसमें विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दी। वही नाथद्वारा ग्रुप ऑफ इन्स्टीट्यूशन्स में प्राचार्य प्रो. पंकज दलाल द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर डॉ. डीसी उपाध्याय, प्राचार्य, नाथद्वारा इन्स्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट सहित संस्थान के सभी प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे। इधर, विधायक कल्याणसिंह चौहान ने लालमादड़ी में ध्वजारोहण किया। शहर के वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय में भैरुसिंह चारण, राजकीय संस्कृत महाविद्यालय में प्राचार्य हरस्वरूप वशिष्ठ ने झंडारोहण किया।
लसानी - सीनियर माध्यमिक विद्यालय में कार्यक्रम सरपंच राजेश्वरी जोशी की अध्यक्षता में हुआ। ग्राम सेवा सहकारी समिति पर अध्यक्ष अमर सिंह चुंडावत, आयुर्वेद औषधालय पर कम्पाउंडर अर्जुनलाल सालवी, ग्राम पंचायत पर सरपंच राजेश्वरी जोशी, खादी ग्रामोद्योग मंडल पर नारायण सिंह, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर डॉ. गौरव अरोडा, पशु चिकित्सालय पर डॉ. सतीश शर्मा, नोडल केन्द्र पर प्रभारी हनुमंत सिंह चुंडावत, बालिका विद्यालय पर सरिता शर्मा, सीनियर माध्यमिक में प्रिंसीपल शांति लाल कलाल, लोक भारती बाल निकेतन पर शक्ति सिंह सोलंकी, मदरसा पर यासमीन बानो छीपा, सीम की पाटिया प्राथमिक स्कूल पर विमला देवी, अशोकनगर उच्च प्राथमिक में सम्पत शर्मा, समदडा प्राथमिक में जगदीश चन्द्र जोशी, कलालों की आंती उच्च प्राथमिक विद्यालय पर गोवर्धन लाल ने ध्वजारोहण किया।
दरीबा - हिन्दुस्तान जिंक लिमिटेड के राजपुरा दरीबा कॉम्पलेक्स के सामुदायिक केन्द्र फुटबाल मैदान पर समारोह में सह उपाध्यक्ष व दरीबा के इकाई प्रधान प्रवीण कुमार जैन ने ध्वजा रोहण किया।
दरीबा खान मजदूर संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अभयसिंह राठौड़,दरीबा खान मजदूर संघ के उपाध्यक्ष रमेश दाधीच, सचिव नंदलाल कोठारी, संयुक्त सचिव रामस्वरूप जिलोवा सहित अधिकारी उपस्थित थे। डीएवीएचजेडएल स्कूल दरीबा में प्राचार्य दिव्येन्दु सेन शर्मा ने ध्वजारोहण किया।