पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कार सवार युवकों पर फायरिंग कर लूट

कार सवार युवकों पर फायरिंग कर लूट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - भीम/ब्यावर
अजमेर-राजसमंद जिले की सीमा पर भीम क्षेत्र में भैरुजी मंदिर के पास रविवार देर रात पांच लुटेरों ने कार में सवार पांच लोगों से लूटपाट की। इसका विरोध करने पर लुटेरों ने एक व्यक्ति पर फायर कर दिया, इससे वह गंभीर जख्मी हो गया। वारदात के बाद आरोपी कार में फरार हो गए।
लुटेरों ने पीडि़तों के मोबाइल छीन लिए तथा कार की चाबी निकाल ली। पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी नेमीचंद जैन, सुशील कुमार, राजेश लुणिया, भंवरलाल व चालक यश कुमार के साथ छत्तीसगढ़ से जोधपुर के ओसियां में मूर्ति लेने जा रहे थे। रविवार रात 9 बजे भीलवाड़ा से ब्यावर के लिए रवाना हुए। रात करीब 12 बजे भीम क्षेत्र में भैरुजी मंदिर के पास बिना नंबर की एक सफेद कार में आए बदमाशों ने कार आगे लगाकर इन्हें रुकवा दिया। इसके बाद कार से पांच लोग उतरे और चालक यश कुमार को उतार कर पिटाई शुरू कर दी। लुटेरों ने कार में सवार सुशील कुमार पर रिवाल्वर लगा दी और सारा माल उनके हवाले करने को कहा। लुटेरों ने कार सवार पीडि़तों से नकदी, मोबाइल और सोने की अंगूठियां छीन ली। इस बीच सुशील कुमार ने लुटेरों का विरोध किया तो लुटेरों ने उन पर फायर कर दिया। गोली उनके कान को चीरती हुई निकल गई। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। लुटेरे करीब 1 लाख रुपए का माल लूट कर कार में फरार हो गए।




टोल नाके पर देखा सीसीटीवी फुटेज

पुलिस ने पीडि़तों को भीलवाड़ा टोल नाके पर चालक को रविवार रात का सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया। सीसीटीवी फुटेज में वह कार दिखाई दी या नहीं, इस बारे में पुलिस ने कुछ भी बताने से इनकार किया है। सोमवार को पुलिस पीडि़त चालक को लेकर घटनास्थल पर पहुंची।

कारतूस का खोल मिला

सोमवार को भीम पुलिस उपाधीक्षक व थानाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को मौके पर 7.65 एमएम गोली का खोल मिला। पुलिस ने खोल को जब्त कर लिया। पीडि़तों ने पुलिस को बताया कि वे जोधपुर ओसियां में माताजी की मूर्ति लेने जा रहे थे। मूर्ति के रुपए उनके पास अलग से रखे थे। लुटेरों को उनका पता नहीं होने के कारण वे रुपए बच गए।



भीम क्षेत्र में भैरुजी के मंदिर के पास वारदात : फायरिंग में एक गंभीर घायल, कार में आए पांच लुटेरों ने की वारदात