- Hindi News
- आदिवासियों का जनजाति आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन
आदिवासियों का जनजाति आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन
उदयपुर - उदयपुर जिले की वंचित तहसीलों को भी जनजाति उपयोजना क्षेत्र ((टीएसपी )) में शामिल करने की मांग को लेकर आदिवासी समाज के लोगों ने मंगलवार को जनजाति आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आदिवासी भील समाज के लोगों ने प्रदर्शन के बाद अतिरिक्त संभागीय आयुक्त को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उदयपुर जिले की झाड़ोल, सराड़ा, कोटड़ा, लसाडिय़ा, सलूंबर, खेरवाड़ा, ऋषभदेव, गिर्वा ((81 गांव)) व गोगुंदा ((52 गांव)) को टीएसपी एरिया में शामिल कर रखा है, मगर इनके अलावा भी ऐसे कई क्षेत्र, गांव हैं, जहां आदिवासी समाज के लोग बड़ी संख्या में रहते है। ऐसे में इन क्षेत्रों को भी टीएसपी एरिया में शामिल किया जाए। इससे पहले समाज के लोगों ने मोहता पार्क में एक बैठक भी की। इस दौरान तुलसीराम भील, लक्ष्मण भील, देवीलाल दाणा, हेमू भील व मोहनलाल मौजूद थे।