एक वर्ष से अधूरा है डिवाइडर का कार्य
भास्कर न्यूज - अरनोद
अरनोद उपखंड के सबसे बड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मुख्य रोड से जोडऩे वाली सड़क को ग्राम पंचायत द्वारा लाखों की लागत से बनाया गया, लेकिन रोड के बीच के डिवाइडर का कार्य एक वर्ष बाद भी अधूरा पड़ा है। इससे स्वास्थ्य केंद्र आने वाले मरीजों को परेशानी होती है। अरनोद ग्राम पंचायत द्वारा ४ लाख ८२ हजार रुपए की लागत से सीसी रोड बनाया गया है। डिवाइडर का कार्य अधूरा होने से हादसे की आशंका बनी रहती है। डिवाइड के लिए छोड़ी जगह से आए दिन गाडिय़ां फंस जाती हैं। इधर, ग्राम पंचायत के सचिव का कहना है कि सीसी रोड बनाने के लिए ही स्वीकृति आई थी। इसीलिए सीसी रोड को बना दिया गया है। डिवाइडर बनाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है, स्वीकृति आते ही इसे शीघ्र बनवा दिया जाएगा। इसी रोड पर आदिवासी बालिका छात्रावास, राजकीय उप्रावि व सर्व ब्लॉक शिक्षा कार्यालय स्थित है। लेकिन इस रोड पर रोड लाइट नहीं होने से रात में मरीजों के परिजनों और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है।