पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आवास योजना से वंचित निर्धन परिवार

आवास योजना से वंचित निर्धन परिवार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता - राजसमंद
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व विधायक किरण माहेश्वरी ने निर्धन परिवार आवास योजना की क्रियान्विति में सुधार के लिए तारांकित प्रश्न द्वारा राज्य सरकार का ध्यान आकृष्ट किया है। विधायक माहेश्वरी ने कहा कि इस योजना का पूर्ववर्ती सरकार ने काफी प्रचार किया था, लेकिन लाभान्वित परिवारों को समय पर भुगतान करने की कोई व्यवस्था ही नहीं थी। भुगतान के अभाव में अधिकांश परिवार निर्माण पूर्ण नहीं कर पाए एवं अब महंगाई के कारण निर्माण उनकी क्षमता के बाहर हो गया है।
प्रश्न के जवाब पर राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि प्रदेश में ६.६२ लाख आवासों के लिए सहायता स्वीकृत की गई है। इसमें से ४.८५ लाख आवासों की तृतीय किश्त व २.८५ लाख आवासों को द्वितीय किश्त का भुगतान नहीं किया गया है। मात्र एक चौथाई लाभार्थियों को ही पूर्ण सहायता दी गई है। राजसमंद में योजना में १८००० आवास स्वीकृत किए गए हैं, लेकिन पूर्ण भुगतान महज ३७०० आवासों पर ही किया गया है। इस पर किरण ने कहा कि कांग्रेस राज में भ्रष्टाचार के कारण निर्धन परिवारों को योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पाया हैं। उन्होंने सरकार से इस योजना की उचित क्रियान्विति के लिए ठोस कार्रवाई की बात कही।



मेवाड़ की जल परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाने की पैरवी

किरण ने अतारांकित प्रश्न से मेवाड़ की लम्बित जल संसाधन परियोजनाओं की शीघ्र स्वीकृति की मांग की। उन्होंने बताया कि बीसलपुर परियोजना के नाम पर मेवाड़ अंचल की १८ परियोजनाएं अटकी हुई है। पिछली सरकार ने इन योजनाओं की स्वीकृति के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है। इस पर जल संसाधन मंत्री ने बताया कि राजसमंद जिले की जीतावास जीवाखेड़ा की एनीकट व सेतुपथ योजना, कानाखेड़ा कुरज एनीकट व भुरवाड़ पीपली अहीरान एनीकट व सेतुपथ योजनाएं भी विचाराधीन है। किरण ने सभी लंबित योजनाओं की शीघ्र स्वीकृति देने व राज्य स्तरीय समन्वय समिति में जन प्रतिनिधियों को सम्मिलित करने की भी मांग की है।

विधानसभा में विधायक माहेश्वरी ने बताई योजना के सही क्रियान्वयन की जरूरत