मुमुक्षु प्रिंस ने कहा ‘खमत खामणा’
नगर संवाददाता . उदयपुर
मैं इस उम्र में दीक्षा ले रहा हूं, लेकिन मुझे आश्चर्य है कि आपने अब तक इतनी उम्र में भी दीक्षा क्यों नहीं ली। अगर मुझसे कुछ गलती हुई हो तो सभी से खमत खामणा और सामूहिक क्षमायाचना करता हूं।
यह बात पदराड़ा ((गोगुंदा)) के मुमुक्षु प्रिंस बापना ने कही। वे 2 फरवरी को आचार्य तुलसी की महाप्रयाण स्थली गंगाशहर में दीक्षा लेंगे। मुमुक्षु प्रिंस मंगलवार को अणुव्रत चौक स्थित तेरापंथ भवन में आयोजित मंगल भावना समारोह बोल रहे थे। तेरापंथ समाज की ओर से उसका सम्मान किया गया। वह नौ वर्ष और दो महीने की आयु में दीक्षा लेंगे। प्रिंस की बात सुन उनकी मां निर्मला देवी सहित अन्य लोगों की आंखें भर आई। प्रिंस ने आगे कहा कि अगर यहां कोई भी रोएगा तो मैं कुछ नहीं बोलूंगा। उनके पिता कांतिलाल बापना भी समारोह में मौजूद थे।
तेरापंथ सभा अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत ने कहा कि सांसारिक जीवन से वैराग्य जीवन में जा रहे मुमुक्षु प्रिंस से हम उम्मीद करते है कि वे तेरापंथ धर्मसंघ और अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि मेवाड़ को गौरवान्वित करेंगे।