लोक प्रस्तुतियों पर झूमे विदेशी पर्यटक
कुंभलगढ़ - कुंभलगढ़ फेस्टिवल के दूसरे दिन बुधवार दोपहर देसी-विदेशी मेहमानों की भीड़ रही। राजस्थानी वेशभूषा पहने विदेशी पर्यटकों ने राजस्थानी प्रस्तुतियों पर ठुमके लगाए तो प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया।
सुबह 11 बजे यज्ञ वेदी चौक में रंगारंग कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें फ्रांस, चीन व रशिया के मेहमानों ने भी नृत्य किया। पुष्कर के कालबेलिया नर्तकों की टोली ने काळयो कूद पड्यो मेळा में... गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। रशिया की महिला पर्यटक राजस्थानी ड्रेस में नृत्य किया। बारां के कलाकारों ने चकरी नृत्य की प्रस्तुति दी। बांदीकुई के बहरुपिया कलाकारों ने रावण, गाडोलिया लोहार के भेष में पर्यटकों को खूब हंसाया। पर्यटकों में भी इन बहरूपियों के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ रही। पर्यटकों ने दुर्ग पर घूमने का भी आनंद लिया। कच्छी घोड़ी के कलाकारों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग की उपनिदेशक सुमिता सरोच, पर्यटन अधिकारी प्रशांत सिंह, जितेन्द्र माली, होटल एसोसिएशन के जमना शंकर आमेटा, गोवर्धनसिंह झाला, शक्तिसिंह, विजय उपस्थित थे।