- Hindi News
- मेनार तालाब के जलप्रवाह मार्ग में होने लगे कब्जे
मेनार तालाब के जलप्रवाह मार्ग में होने लगे कब्जे
भास्कर न्यूज - खेरोदा
वल्लभनगर उपखंड के मेनार तालाब जल प्रवाह क्षेत्र में कतिपय भूमाफिया कब्जे करने लगे है। हाइवे से सटी जमीनों पर प्लानिंग निकालकर अब वे जलप्रवाह मार्ग को भी अपनी जमीन में शामिल करने पर आमदा है।
मेनार तालाब के पेटे में भी इन लोगों ने कब्जे शुरू कर दिए है। इसके अलावा अब वे जल प्रवाह मार्ग में भी पैर पसार रहे है। हाइवे से सटी बेशकीमती सरकारी जमीन पर जगह जगह सीमेंट के खंभे लगे हुए है। करीब 12 बिस्वा जमीन नाडी की है, जिससे मेनार तालाब का पानी बह्म सागर में जाता है। जानकारी के अनुसार उदयपुर के प्रतिष्ठित व्यापारी ने सरकारी बिला नाम जमीन को अपनी खातेदारी में मिला दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन जमीनों का भू रुपांतरण भी हो रहे हैं। यहां होने वाले पक्के निर्माण बरसात में अवरोध पैदा करेंगे।
कोई नोटिस जारी नहीं किया है
॥मुझे पटवारी ने इसकी जानकारी हाल ही में दी है। पंचायत ने किसी प्रकार का नोटिस जारी नहीं किया है।
- औंकार लाल भलावत, सरपंच, मेनार
॥अतिक्रमण को कई बार रोका गया, लेकिन काम बंद नहीं किया गया। उक्त आराजी 1246 से सटी करीब 3 बीघा जमीन नाड़ी की है। जहां से तालाब में पानी बह कर आता है। पंचायत संसाधन मुहैया करवाए अतिक्रमण हटा दिए जाएंगे।
मनोहर लाल उपाध्याय, पटवारी, हल्का मेनार