उत्पादन बढ़ाएंगे महिलाओं के प्रयास
प्रतापगढ़ - जिले के छोटीसादड़ी उपखंड क्षेत्र की ५० अग्रणी महिला कृषकों ने बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र बसाड़ फार्म का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान केवीके प्रसार वैज्ञानिक डॉ. बलवीर सिंह बधाला ने कृषि विज्ञान केंद्र की गतिविधियों की जानकारी दी। महिलाओं को डॉ. वधाला ने कृषि के उत्पादन बढ़ाने के लिए मिट्टी जांच कब करने, मिट्टी के अनुसार फसल बोने आदि के बारे में जानकारी दी। बागवानी विषय विशेषज्ञ डॉ. मदन लाल चौधरी ने सब्जी उत्पादन की उन्नत खेती और किस्मों की जानकारी दी।
मोयले से ऐसे करें बचाव : केवीके भ्रमण के दौरान बुधवार को महिला कृषकों ने सरसों की फसल को मोयले से बचाव के तरीके जाने। डॉ. बधाला ने बताया कि मोयला की रोकथाम के लिए मिथाइल पैराथियान 2 प्रतिशत चूर्ण या कार्बोरिल 5 प्रतिशत चूर्ण 20 से 25 किलोग्राम प्रति हेक्टर की दर से सुबह या शाम को भुरकाव करना चाहिए। भ्रमण में छोटीसादड़ी के सहायक कृषि अधिकारी संपत राम मीणा, कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी सहायक धनपाल कोठारी, लोकेश जोशी, तेजाराम मीणा, गिरधारी लाल बंजारा व कारुडा के कृषि पर्यवेक्षक पवन कुमार भी शामिल थे।