- Hindi News
- कलेक्टर ने सीडीपीओ, लाइनमैन को लगाई फटकार
कलेक्टर ने सीडीपीओ, लाइनमैन को लगाई फटकार
देवगढ़ - कलेक्टर डॉ. प्रतीम बी. यशवंत ने बुधवार को क्षेत्र के दोलपुरा गांव में सरकारी दफ्तरों का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने सीडीपीओ व बिजली निगम के लाइन मैन को लताड़ लगाई। कलेक्टर डॉ. यशवंत ने दौलपुरा गांव के राजीव गांधी सेवा केंद्र पर शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल, नरेगा व एपीएल आवास योजना के बारे रिव्यू लिया। दोलपुरा के ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की शिकायत की। इस दौरान मौके पर कार्यकर्ता उपस्थित नहीं थीं। विभाग की ओर सीडीपीओ सरोजिनी को कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करने की रिपोर्ट मांगी। ग्रामीणों ने कहा कि लाइन में फाल्ट होने पर लाइनमैन फोन नहीं उठाता है। इन दोनों शिकायतों पर देवगढ़ तहसीलदार को जांच करने के निर्देश दिए। महिलाओं के नवगठित स्वयं सहायता समूह के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ रामनिवास जाट, उपखंड अधिकारी ईश्वर सिंह राठौड़, तहसीलदार अरुण शर्मा उपस्थित थे।
नरेगा श्रमिकों से मारपीट कर काम रुकवाया, मस्टररोल फेंकने पर केस
देवगढ़ - उण्डावासन गांव में सड़क निर्माण पर लगे नरेगा श्रमिकों से मारपीट कर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। साथ ही मस्टररोल भी फेंक दिया। इस संबंध में पीडि़तों ने देवगढ़ दौरे पर आए कलेक्टर डॉ. प्रीतम बी यशवंत से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार की है। इस पर आरोपियों के खिलाफ देवगढ़ थाने में शिकायत दर्ज की गई। उण्डावासन पंचायत ताल के निवासी मानसिंह पुत्र उम्मेदसिंह रावत सहित ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की। इस संबंध में देवगढ़ के अर्जुनगढ़ निवासी खेमाराम गुर्जर, जग्गू गुर्जर, बाबू गुर्जर, उदा गुर्जर, धन्ना गुर्जर के खिलाफ देवगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार जग्गू सहित 3 लोगों के खिलाफ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने व ग्रामवासियों के साथ झगड़ा करने की शिकायत की थी। इससे नाराज विपक्षी बुधवार दोपहर साढ़े बारह बजे उण्डावासन के चारागाह ग्रेवल सड़क निर्माण स्थल पर पहुंचे। आरोप है कि इन्होंने निर्माण बंद करने की बात कहते हुए श्रमिकों से मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत पर तहसीलदार को जांच के निर्देश