- Hindi News
- ध्वजारोहण में शराब पीकर हंगामा करने वाले संस्था प्रधान के खिलाफ जांच शुरू
ध्वजारोहण में शराब पीकर हंगामा करने वाले संस्था प्रधान के खिलाफ जांच शुरू
राजसमंद - सांगठ खुर्द राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह में शराब पीकर हंगामा करने वाले संस्था प्रधान के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है। इस संबंध में डिप्टी डायरेक्टर जगदीशचंद्र खंडेलवाल ने प्राथमिक जिला शिक्षा अधिकारी से सात दिन में रिपोर्ट मांगी है।
जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिवनारायण शर्मा ने बताया कि जांच में संस्था प्रधान मूलसिंह की गंभीर लापरवाही पर उसे निलंबित भी किया जा सकता है। घटना वाले दिन की पूरी विस्तृत रिपोर्ट कुंभलगढ़ ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से मांगी गई है। उन्हें बुधवार को ही इस संबंध में आदेश देकर तीन दिन में जांच रिपोर्ट मांगी है।
यह है मामला : प्रधानाध्यापक झीलवाड़ा निवासी मूलसिंह पुत्र उदयसिंह सोलंकी गणतंत्र दिवस पर सुबह ध्वजारोहण में शराब पीकर पहुंच गया था। स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार पर समारोह में शामिल ग्रामीणों के विरोध पर राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रधानाध्यापक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। हंगामे के बीच ध्वजारोहण सुबह 9 बजे की बजाय ग्यारह बजे हो पाया था। बाद में संस्था प्रधान को रातभर थाने में रखा गया, प्रधानाध्यापक के खिलाफ पहले भी आए दिन स्कूल में शराब पीकर आने की शिकायतें मिल चुकी है।