पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • आमीवाड़ा पूर्व सरपंच, सचिव पर गबन के चार केस

आमीवाड़ा पूर्व सरपंच, सचिव पर गबन के चार केस

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर - ((नरेगा)) के निर्माण कार्यों में फर्जीवाड़े पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने झाड़ोल पंचायत समिति की आमीवाड़ा पंचायत की तत्कालीन सरपंच, सचिव व अन्य के खिलाफ चार प्रकरण दर्ज किए हैं। उन पर पद व अधिकारों का दुरुपयोग कर 5 लाख 31 हजार 854 रुपए के गबन का आरोप है।
एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद गोयल ने बताया कि नरेगा के निर्माण कार्यों में फर्जीवाड़े की सूचना पर वर्ष 2007- 08 में आमीवाड़ा पंचायत के कामों की जांच उपाधीक्षक राजीव जोशी द्वारा कराई गई। इसमें पता चला कि भैरा पुत्र मेघा तथा सवा पुत्र लाला के यहां नलकूप खोदने का कार्य, वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर सलार वाला नाला, खेराड़ स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में रूफ टॉप जलग्रहण टांके के निर्माण के स्वीकृत कार्य के लिए तत्कालीन सरपंच शारदाबाई तथा तत्कालीन ग्राम सेवक सगरपुरा खाखड़, झाड़ोल निवासी रूपलाल खडूल ने सामग्री खरीद व परिवहन के फर्जी बिल, फर्जी मस्टररोल तैयार कर पांच लाख 31 हजार 854 रुपए का अधिक भुगतान उठाकर सरकारी राशि का गबन किया।
फर्जी बिल जिन फर्मों के नाम तैयार किए, वे अस्तित्व में नहीं है, जबकि मस्टरोलों में मजदूरों के अंगूठों के निशान व हस्ताक्षर एक ही व्यक्ति के पाए गए। इस पर एसीबी ने तत्कालीन सरपंच व सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13 ((1))((सी))((डी)), 13 ((2)) पीसी एक्ट 1988 एवं भादसं की धारा 420, 467, 468, 471, 409, 120 बी के तहत मामला दर्ज किया।