पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सीवरेज लाइन, फिल्टर प्लांट का काम अटका

सीवरेज लाइन, फिल्टर प्लांट का काम अटका

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर संवाददाता - राजसमंद
हैदराबाद की एपीआर प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से 43 महीने बीतने के बाद भी शहर में सीवर लाइन व सीवरेज फिल्टर प्लांट का कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में आमजन सहित व्यापारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उधर रुडीप के अधिकारियों का कहना है कि कंपनी की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से वर्तमान में निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है।
सीवर लाइन व सीवरेज फिल्टर प्लांट कार्य का ठेका 25. 49 करोड़ का दिया था। कंपनी को 20 मई 2010 को काम शुरू करना था, जबकि इसको खत्म 19 मई 2012 को करना था। कंपनी ने समय पर काम शुरू कर दिया लेकिन 43 महीने बीतने के बाद भी काम खत्म नहीं हो पाया है।
अब यहां डालनी है सीवरेज लाइन
अब बड़ी लाइनों से जोडऩे के लिए छोटी सीवरेज डालने का काम बाकी है। यह लाइन मालीवाड़ा, हस्तिनापुर, शांति कॉलोनी, सब्जी मंडी, भील मगरी, अंबिका चौक, इंद्रा कॉलोनी, दयाल शाह किला, किशोर नगर मंडा, यादव मोहल्ला, टीवीएस चौराहा, 100 फीट रोड व जेके मोड़ से तालेड़ी पुलिया तक डालनी बाकी है। इधर, अधिकारियों का कहना है कि एपीआर कंपनी निर्माण कार्य नहीं करवा पा रही थी। इसको लेकर फर्म के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए फर्म की रिस्क एंड कास्ट आधार पर नई निविदा लगाकर कांकरोली पुराना बस स्टैंड से जलचक्की तक सीवरेज लाइन डालने का ठेका करणी कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया है।
प्रतापपुरा में बनेगा फिल्टर प्लांट : स्टेशन रोड पर सीवरेज पंपिग स्टेशन से प्रतापपुरा स्थित सीवरेज फिल्टर प्लांट तक पंपिग मैन का कार्य पूर्ण हो गया है। फिल्टर प्लांट पर यूएसबीआर यूनिट का कार्य शेष है। काम धीमी गति से चलने से आमजन के साथ-साथ व्यापारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। धूल उडऩे से घरों व दुकानें गंदी हो जाती है। वर्तमान में कांकरोली पुराना बस स्टैंड से जलचक्की तक सीवरेज लाइन डालने का काम चल रहा है। इस मार्ग पर कीचड़ ही कीचड़ फैल गया है।
परेशानी व्यापारियों की जुबानी : व्यापारी बाबूलाल प्रजापत ने कहा कि सीवरेज पाइप लाइन डालने से जगह-जगह से सड़क को खोद दिया है। इससे दिनभर धूल उड़ती रहती है। ऐसे में बैठकर काम भी नहीं कर पाते हैं। व्यापारी दिनेश पालीवाल ने कहा कि धूल मिट्टी उडऩे से दुकान पर ग्राहक नहीं आता है। दिन में दस बार तो दुकान में सफाई करनी पड़ती है।
कांकरोली के चंद्रप्रकाश पालीवाल व सुनील निरोया ने कहा कि सीवरेज डालने के कारण सड़क को खोद दिया है। इससे सड़क के पास कीचड़ ही कीचड़ हो गया है। आमजन को आने जाने में मुश्किलें होती है।



कांकरोली के व्यापारी व आमजन में रोष, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान